द लोकतंत्र/ पटना : बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, नेताओं की बयानबाजी भी तेज़ हो गई है। इसी बीच जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव अपने बयानों से एक बार फिर सुर्खियों में हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रचार में आने के सवाल पर तेज प्रताप ने कहा, अखिलेश यादव आएं या कोई और आए, मैं अपनी जगह ब्रांड हूं। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
मैं खुद ही स्टार प्रचारक हूं
तेज प्रताप यादव ने आगे कहा कि भविष्य में गठबंधन को लेकर कोई फैसला 14 नवंबर को चुनाव परिणाम आने के बाद ही होगा। उन्होंने साफ किया कि वे किसी से दुश्मनी नहीं रखते और जनता के मुद्दों को लेकर मैदान में हैं। गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव पहले महुआ सीट से आरजेडी विधायक रह चुके हैं, लेकिन पार्टी से छह साल के निष्कासन के बाद उन्होंने जनशक्ति जनता दल बनाकर चुनावी अखाड़े में उतरने का ऐलान किया है।
पत्रकारों से बातचीत में जब उनसे ‘स्टार प्रचारकों’ की सूची को लेकर सवाल किया गया तो तेज प्रताप ने मुस्कुराते हुए कहा, मैं खुद ही स्टार प्रचारक हूं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे 2015 की तरह इस बार भी उनका साथ दें। तेज प्रताप ने याद दिलाया कि उनके कार्यकाल में अस्पताल, एम्बुलेंस और मेडिकल कॉलेज की मंजूरी दी गई थी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का चुनाव चिन्ह ‘ब्लैकबोर्ड’ शिक्षा और युवा विकास के प्रतीक के रूप में चुना गया है।
‘पूर्ण परिवर्तन’ जेजेडी का उद्देश्य
नामांकन के समय तेज प्रताप यादव ने अपनी दादी मरछिया देवी की तस्वीर साथ रखकर भावुक अपील की थी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य ‘पूर्ण परिवर्तन’ लाना है एक ऐसा बिहार, जहां युवाओं को शिक्षा और रोज़गार दोनों मिले।
बिहार विधानसभा चुनाव इस बार दो चरणों में आयोजित किए जा रहे हैं, पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। तेज प्रताप यादव इस चुनाव में बगावत के सुर के साथ मैदान में हैं और अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल को एक नई राजनीतिक पहचान देने की कोशिश में जुटे हैं।

