द लोकतंत्र : दुनिया के सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप व्हाट्सएप (WhatsApp) अपने यूजर्स के बेहतर एक्सपीरियंस के लिए लगातार नए-नए फीचर्स जोड़ता रहता है। अब कंपनी एक ऐसा खास फीचर लेकर आ रही है जो अब तक केवल व्हाट्सएप बिजनेस (WhatsApp Business) अकाउंट्स के लिए ही एक्सक्लूसिव तौर पर उपलब्ध था।
इस फीचर का नाम है ‘कवर फोटो’ (Cover Photo)। जिस तरह से आप लोग अपने फेसबुक प्रोफाइल पर डीपी (DP) के अलावा कवर फोटो लगाते हैं, ठीक उसी तरह से अब जल्द ही व्हाट्सएप पर भी आप अपने प्रोफाइल को शानदार और पर्सनलाइज़्ड लुक दे पाएंगे। दरअसल, व्हाट्सएप अब प्रोफाइल कस्टमाइजेशन को बेहतर बनाने का काम कर रहा है, फिलहाल यह फीचर अभी डेवलपमेंट स्टेज में है।
फेसबुक की तरह दिखेगी कवर फोटो
व्हाट्सएप डेवलपमेंट पर नजर रखने वाली विश्वसनीय वेबसाइट WABetaInfo की एक पोस्ट के अनुसार, व्हाट्सएप यूजर्स को जल्द ही कवर फोटो अपलोड करने और प्रोफाइल पर सेट करने की सुविधा मिलेगी।
- उपलब्धता: एक बार यह फीचर सभी के लिए रिलीज होने के बाद, यूजर्स कवर फोटो लगाने के लिए तस्वीर को फोन की गैलरी से सिलेक्ट कर अपलोड कर पाएंगे।
- लोकेशन: कवर फोटो आपके प्रोफाइल के टॉप पर ठीक वैसे ही दिखाई देगी, जैसे कि फेसबुक पर दिखाई देती है, और यह प्रोफाइल पिक्चर (DP) के पीछे एक बैकग्राउंड की तरह काम करेगी। यह सुविधा आम यूजर्स के व्हाट्सएप प्रोफाइल को अधिक आकर्षक और व्यक्तिगत बनाने में मदद करेगी।
नए फीचर के साथ मिलेगी फुल प्राइवेसी
WABetaInfo ने इस फीचर का एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है, जिसमें दिखाया गया है कि कवर फोटो कहां दिखाई देगी और कहां यूजर्स को अपलोड करने का ऑप्शन मिलेगा। सबसे खास बात यह है कि व्हाट्सएप इस नए फीचर के साथ प्राइवेसी सेटिंग को भी शामिल करेगा, जिससे यूजर्स को बेहतर कंट्रोल मिलेगा कि उनकी कवर फोटो को कौन देख पाए और कौन नहीं।
यूजर्स को कवर फोटो की प्राइवेसी के लिए तीन मुख्य ऑप्शन्स मिलेंगे, जैसे कि स्टेट्स और प्रोफाइल फोटो के लिए मिलते हैं:
| प्राइवेसी ऑप्शन | कवर फोटो कौन देख पाएगा? |
| Everyone | आपकी व्हाट्सऐप कवर फोटो हर व्हाट्सऐप यूजर देख पाएगा, यहां तक कि वो लोग भी जो आपकी कॉन्टैक्ट लिस्ट में नहीं हैं। |
| My Contacts | कवर फोटो केवल वही लोग देख पाएंगे जो आपकी कॉन्टैक्ट लिस्ट में हैं। |
| Nobody | आपकी कवर फोटो व्हाट्सऐप पर कोई भी यूजर नहीं देख पाएगा। |
यह प्राइवेसी कंट्रोल सुनिश्चित करता है कि यूजर्स अपनी निजी जानकारी को अपनी सुविधा के अनुसार नियंत्रित कर सकें, जिससे यह फीचर उपयोगी होने के साथ-साथ सुरक्षित भी बना रहेगा। चूंकि यह फीचर पहले से ही व्हाट्सएप बिजनेस अकाउंट्स पर मौजूद है, इसलिए उम्मीद है कि आम यूजर्स के लिए इसका रोलआउट बहुत जल्द शुरू हो जाएगा।

