द लोकतंत्र/ पटना : सोशल मीडिया की दुनिया में एक छोटे से वीडियो को वायरल होने में समय नहीं लगता और इस बार केंद्र में हैं देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी। इंटरनेट पर तेजी से फैल रहे एक वीडियो में राहुल गांधी अचानक तालाब में छलांग लगाते और स्थानीय लोगों के साथ स्विमिंग करते नजर आते हैं। समर्थकों और मीडिया कर्मियों से घिरे इस दृश्य ने देखते ही देखते राष्ट्रीय राजनीतिक चर्चा का रूप ले लिया। सवाल उठ रहा है कि क्या यह जनता से जुड़ने का सहज प्रयास था या फिर चुनावी मौसम में एक सोचा-समझा पब्लिक रिलेशन स्टंट?
कैमरों के सामने तालाब में उतरे राहुल
वीडियो में दिखाई देता है कि राहुल गांधी पहले तालाब किनारे मौजूद लोगों से बात करते नजर आते हैं। बातचीत के कुछ क्षण बाद ही वे अचानक उत्साह के साथ पानी में उतर जाते हैं। उनके साथ कई स्थानीय लोग और समर्थक भी तालाब में नजर आते हैं, जबकि किनारे खड़े कैमरामैन इस पूरी गतिविधि को रिकॉर्ड करते रहते हैं। राहुल गांधी की यह सहज और एक्टिव इमेज सोशल मीडिया यूजर्स के बीच विभाजन पैदा करने के लिए काफी रही।
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, बेगूसराय, बिहार में आज VIP पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी जी के साथ वहां के मछुआरा समुदाय से मिलकर बहुत अच्छा लगा। काम उनका जितना दिलचस्प है, उससे जुड़ी उनकी समस्याएं और संघर्ष उतने ही गंभीर हैं। मगर, हर परिस्थिति में उनकी मेहनत, जज़्बा और व्यवसाय की गहरी समझ प्रेरणादायक है। बिहार की नदियां, नहरें, तालाब और उनमें जीवन बसाते मछुआरे, प्रदेश की अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा हैं। उनके अधिकारों और सम्मान के लिए हर कदम पर उनके साथ खड़ा हूं।
सोशल मीडिया पर दो फाड़: ’जमीन से जुड़े नेता’ बनाम ‘सोचा-समझा स्टंट’
जैसे ही क्लिप वायरल हुआ, सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। एक ओर कांग्रेस समर्थक इसे राहुल गांधी की सादगी और आम लोगों से जुड़ाव का प्रतीक बता रहे हैं। उनका तर्क है कि नेता प्रतिपक्ष सार्वजनिक जीवन में जमीन से जुड़े रहने का संदेश दे रहे हैं। दूसरी ओर आलोचक मानते हैं कि यह महज चुनावी मौसम का दिखावटी स्टंट है, एक कैमरा-फ्रेंडली मोमेंट जिसे सोशल मीडिया पर सहानुभूति और सुर्खियां बटोरने के लिए डिजाइन किया गया।
कमेंट्स की बारिश, यूजर्स ने दिये मजेदार रिएक्शन
वीडियो को एक्स प्लेटफ़ॉर्म पर @Sweet_Parul नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है और इसे लाखों लोग देख चुके हैं। यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी खूब चर्चा में हैं। एक यूजर ने लिखा, आप तो तैर लिए, हमें मत डुबो देना। वहीं दूसरे ने टिप्पणी करते हुए कहा, इस उम्र में भी राहुल काफी एनर्जेटिक हैं। एक यूजर ने राजनीतिक व्यंग्य करते हुए कहा कि, 14 नवंबर को पता चल जाएगा किसकी नैया तैरती है और किसकी डूबती है।
वायरल वीडियो और चुनावी माहौल
जैसे-जैसे चुनावी तारीखें नजदीक आती जा रही हैं, नेताओं के हर कदम और हर छवि को जनता और मीडिया सूक्ष्म दृष्टि से देख रहे हैं। राहुल गांधी के इस वीडियो ने यह साबित कर दिया कि आज के दौर में सोशल मीडिया ही सबसे बड़ी राजनीतिक रणभूमि बन चुका है। एक छोटी-सी क्लिप भी चुनावी रणनीतियों, पब्लिक इमेज और मतदाताओं की मनोवृत्ति पर बड़ा असर डाल सकती है।
चाहे यह सहजता हो या रणनीति राहुल गांधी का यह तालाब वाला वीडियो फिलहाल सुर्खियों में है और जनता तय करेगी कि यह तस्वीर दिल छूती है या सवाल खड़े करती है। चुनाव नजदीक हैं, और इस डिजिटल दौर में हर पल एक नई कहानी बन रहा है।

