द लोकतंत्र/ ऑटो न्यूज़ : आज भले ही भारतीय बाजार में SUV का चलन तेजी से बढ़ा हो, लेकिन सेडान कार की अहमियत आज भी कम नहीं हुई है। बेहतर राइड क्वालिटी, ज्यादा कंफर्ट और लंबी दूरी की यात्राओं में स्मूद ड्राइविंग एक्सपीरियंस के कारण सेडान कारें खासतौर पर फैमिली यूज के लिए पसंद की जाती हैं। अगर आपका बजट सीमित है और आप एक ऐसी कार चाहते हैं जो सुरक्षित हो, अच्छा माइलेज दे और रखरखाव में भी ज्यादा खर्चीली न हो, तो भारतीय बाजार में कुछ सस्ती और भरोसेमंद सेडान कारें मौजूद हैं।
इस समय एंट्री-लेवल सेडान सेगमेंट में तीन कारें सबसे ज्यादा चर्चा में हैं, जो कीमत, फीचर्स और सेफ्टी के मामले में मजबूत विकल्प बनकर सामने आती हैं।
Tata Tigor: सेफ्टी के साथ सबसे किफायती सेडान
टाटा टिगोर भारतीय बाजार की सबसे सस्ती सेडान कारों में से एक है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत लगभग 5.49 लाख रुपये है, जो बजट खरीदारों को खासा आकर्षित करती है। यह कार पेट्रोल और CNG दोनों विकल्पों में उपलब्ध है। पेट्रोल वेरिएंट करीब 19.2 kmpl का माइलेज देता है, जबकि CNG वेरिएंट लगभग 26 km/kg तक का माइलेज देने में सक्षम है।
सेफ्टी के लिहाज से टाटा टिगोर को मजबूत माना जाता है। इसे Global NCAP से 4-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिल चुकी है, जो इस सेगमेंट में इसे अलग पहचान देती है। मजबूत बॉडी स्ट्रक्चर, डुअल एयरबैग, ABS और EBD जैसे फीचर्स इसे छोटे परिवार के लिए एक सुरक्षित और भरोसेमंद विकल्प बनाते हैं।
Hyundai Aura: फीचर्स और कंफर्ट का बैलेंस
हुंडई ऑरा की शुरुआती कीमत करीब 5.98 लाख रुपये है। यह सेडान भी पेट्रोल और CNG विकल्पों में आती है। पेट्रोल वेरिएंट लगभग 20.5 kmpl और CNG वेरिएंट करीब 25 km/kg तक का माइलेज देता है।
ऑरा की सबसे बड़ी खासियत इसका फीचर पैकेज है। इसमें सभी वेरिएंट्स में 6 एयरबैग स्टैंडर्ड दिए जाते हैं, जो सेफ्टी के लिहाज से इसे काफी मजबूत बनाते हैं। इसके अलावा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस चार्जिंग, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर्स इसे डेली ड्राइव के लिए आरामदायक और प्रीमियम फील देते हैं।
Maruti Dzire: माइलेज और भरोसे का कॉम्बिनेशन
मारुति डिजायर भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली सेडान कार है और इसकी शुरुआती कीमत लगभग 6.26 लाख रुपये है। माइलेज के मामले में यह कार सेगमेंट में सबसे आगे मानी जाती है। पेट्रोल वेरिएंट करीब 25.7 kmpl और CNG वेरिएंट लगभग 33.7 km/kg तक का माइलेज देता है।
नई डिजायर में सेफ्टी और टेक्नोलॉजी दोनों पर खास ध्यान दिया गया है। इसमें 6 एयरबैग, बड़ा टचस्क्रीन सिस्टम, 360-डिग्री कैमरा और सनरूफ जैसे फीचर्स मिलते हैं। सेफ्टी के लिहाज से इसे 5-स्टार रेटिंग मिल चुकी है, जो इसे फैमिली कार के तौर पर बेहद मजबूत विकल्प बनाती है।

