द लोकतंत्र/ पटना : जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने रविवार (08 फरवरी, 2026) को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई बड़े खुलासे किए, जिससे बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई। लंबे समय से ‘जयचंद’ कहकर जिन लोगों पर वे इशारों में हमला करते रहे थे, इस बार उन्होंने पहली बार खुलकर उनके नाम सार्वजनिक कर दिए। तेज प्रताप ने आरजेडी के पूर्व विधायक मुकेश रोशन का नाम सबसे पहले लिया।
इसके बाद उन्होंने राज्यसभा सांसद संजय यादव, तेजस्वी यादव के सहयोगी रमीज, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव और एमएलसी सुनील सिंह का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इन लोगों ने उनकी छवि खराब करने की कोशिश की है। तेज प्रताप यादव ने कहा कि इन नेताओं ने मिलकर उन्हें बदनाम करने का अभियान चलाया है। उनके मुताबिक, यह केवल राजनीतिक विरोध नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश का हिस्सा है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इस पूरे मामले में वे कानूनी कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगे।
पिता बनने की खबरों पर क्या बोले तेज प्रताप?
प्रेस कॉन्फ्रेंस के समानांतर सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई कि तेज प्रताप यादव बेटी के पिता बन गए हैं और अनुष्का मां बनी हैं। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर दोनों को बधाई दी, जिससे अटकलों को और हवा मिल गई। हालांकि, तेज प्रताप यादव ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की खबरें उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से फैलाई जा रही हैं और उनका इन बातों से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने यह भी दोहराया कि कुछ समय पहले उनके सोशल मीडिया अकाउंट के हैक होने की बात उन्होंने कही थी और अब भी वे उसी पर कायम हैं। उनके अनुसार, गलत जानकारी फैलाकर उन्हें विवादों में घसीटने की कोशिश की गई।
अनुष्का यादव के साथ तस्वीर से कैसे बढ़ा विवाद?
कुछ दिनों पहले तेज प्रताप यादव के सोशल मीडिया हैंडल से अनुष्का यादव के साथ उनकी एक तस्वीर साझा की गई थी, जो तेजी से वायरल हो गई। इस मामले ने तब और तूल पकड़ा जब अनुष्का के भाई आकाश मीडिया के सामने आए और कई सवाल उठे। विवाद इतना बढ़ा कि परिवार और पार्टी के भीतर भी हलचल मच गई थी। इसी प्रकरण के बाद आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। अब तेज प्रताप का कहना है कि वह पोस्ट उनकी जानकारी के बिना साझा हुई थी और अकाउंट वास्तव में हैक हुआ था।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उठाए गंभीर आरोप
मीडिया से बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव ने कई सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि आलोक गुर्जर कौन हैं और उनका अनुष्का से क्या संबंध है। तेज प्रताप ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर उनका नाम इस मामले से जोड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक समूह उनके खिलाफ काम कर रहा है और इसका संचालन मुकेश रोशन कर रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने यह तक कहा कि उनकी जान को खतरा है और उनकी हत्या की साजिश रची जा रही है।
तेज प्रताप ने यह भी कहा कि जब उनके पिता लालू यादव उनसे मिलने और आशीर्वाद देने आए, तो यह बात कुछ लोगों को रास नहीं आई। उन्होंने संकेत दिया कि राजनीतिक और व्यक्तिगत कारणों से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

