द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : दिल्ली की कानून-व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। पूर्वी दिल्ली के कोंडली विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक कुलदीप कुमार की गाड़ी पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। घटना सोमवार शाम मधु विहार थाना क्षेत्र के हसनपुर डिपो के पास बताई जा रही है, जहां विधायक की गाड़ी खड़ी थी। हमलावर ने गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और मौके से फरार हो गया।
गनीमत रही कि हमले के वक्त विधायक गाड़ी में मौजूद नहीं थे, जिससे किसी तरह की शारीरिक चोट नहीं हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल किसी संदिग्ध की पहचान नहीं हो पाई है।
विधायक का आरोप- ‘दिल्ली में कानून व्यवस्था भगवान भरोसे’
घटना के बाद विधायक कुलदीप कुमार ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर एक जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं, बल्कि डरावना है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार सिर्फ दावे करने में व्यस्त है। कुलदीप कुमार ने यह भी कहा कि दिल्ली में अब कानून का राज नहीं, बल्कि असामाजिक तत्वों का प्रभाव बढ़ता जा रहा है। उन्होंने यह साफ किया कि वह इस तरह की घटनाओं से डरने वाले नहीं हैं और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में लिखित शिकायत दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच कर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब दिल्ली में कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार बहस चल रही है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या सामने आता है और क्या इस मामले में जल्द कोई कार्रवाई होती है।

