द लोकतंत्र / टेक्नोलॉजी : भारत में SEMICON India 2026 को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को नई दिल्ली के यशोभूमि में इस बड़े कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। तीन दिन तक चलने वाला यह कार्यक्रम 17 से 19 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य भारत के तेजी से बढ़ते Semiconductor Ecosystem को दुनिया के सामने दिखाना और इस क्षेत्र में निवेश, तकनीक और सहयोग को बढ़ावा देना है।
इस साल SEMICON India का पांचवां संस्करण आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की थीम ‘Silicon to Systems: Building the Ecosystem’ रखी गई है। इसमें सेमीकंडक्टर से जुड़े उद्योग, सरकार, विशेषज्ञ, निवेशक, स्टार्टअप, शिक्षण संस्थान और छात्र एक मंच पर आएंगे।
SEMICON India 2026 में क्या होगा खास?
SEMICON India 2026 में चिप डिजाइन से लेकर चिप निर्माण, पैकेजिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और इससे जुड़ी दूसरी तकनीकों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में दुनिया की कई बड़ी कंपनियां और विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। इस बार 500 से ज्यादा प्रदर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है, जबकि 40 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।
कार्यक्रम में सेमीकंडक्टर निर्माण के साथ AI, हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग, क्वांटम टेक्नोलॉजी, एडवांस्ड पैकेजिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा स्टार्टअप और छात्रों के लिए भी कई गतिविधियां रखी गई हैं।
भारत के Semiconductor Sector को मिलेगा बढ़ावा
SEMICON India 2026 ऐसे समय में हो रहा है, जब भारत सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। सरकार ने देश में चिप डिजाइन, निर्माण और पैकेजिंग से जुड़ी कई परियोजनाओं को मंजूरी दी है। Semicon India Programme के तहत अब तक 12 परियोजनाओं को मंजूरी मिल चुकी है।
कार्यक्रम के जरिए भारत का लक्ष्य सेमीकंडक्टर की पूरी वैल्यू चेन को मजबूत करना है। इसमें चिप डिजाइन, मशीन और जरूरी सामग्री, मैन्युफैक्चरिंग, पैकेजिंग, रिसर्च और युवाओं की ट्रेनिंग पर जोर दिया जा रहा है। तीन दिनों के इस आयोजन से भारत को वैश्विक कंपनियों और निवेशकों के सामने अपनी तकनीकी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा। ऐसे में SEMICON India 2026 को भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र के लिए एक अहम कार्यक्रम माना जा रहा है।




