द लोकतंत्र/खेल न्यूज़: Asian Games 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने इतिहास रचते हुए चीन को 1-0 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। जापान के काकामिगाहारा में शुक्रवार को खेले गए फाइनल में लालरेमसियामी ने 10वें मिनट में शानदार टॉमहॉक शॉट के जरिए भारत के लिए निर्णायक गोल किया। इसके साथ ही भारतीय टीम ने महिला हॉकी में 44 साल बाद एशियाई खेलों का गोल्ड जीता और Los Angeles 2028 Olympics के लिए सीधे क्वालिफाई कर लिया।
लालरेमसियामी ने दिलाई भारत को बढ़त
फाइनल में भारत और चीन के बीच मुकाबला काफी कड़ा रहा। भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और 10वें मिनट में लालरेमसियामी ने फील्ड गोल करते हुए भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। यह लालरेमसियामी का अंतरराष्ट्रीय करियर का 200वां मुकाबला भी था, जिससे उनका प्रदर्शन और खास रहा।
गोल के बाद चीन ने बराबरी के लिए लगातार हमले किए। भारतीय डिफेंस ने चीन के प्रयासों को रोकते हुए बढ़त बनाए रखी। अनुभवी गोलकीपर सविता पुनिया ने पेनल्टी स्ट्रोक पर अहम बचाव किया, जिससे चीन को बराबरी का मौका नहीं मिल सका। अंत तक भारत ने 1-0 की बढ़त कायम रखी और गोल्ड मेडल हासिल किया।
1982 के बाद पहली बार महिला हॉकी में गोल्ड
भारतीय महिला हॉकी टीम ने इससे पहले एशियाई खेलों में अपना एकमात्र गोल्ड 1982 में नई दिल्ली में जीता था। इसके बाद टीम 1998 और 2018 में फाइनल तक पहुंची, लेकिन दोनों बार उसे सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। 1998 के फाइनल में भारत को दक्षिण कोरिया और 2018 में जापान के खिलाफ हार मिली थी। चीन को हराकर भारत ने 44 साल का इंतजार खत्म किया।
इससे पहले भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। इशिका चौधरी और कप्तान सलीमा टेटे ने उस मुकाबले में गोल किए थे।
2028 Los Angeles Olympics के लिए सीधा क्वालिफिकेशन
एशियाई खेलों में महिला हॉकी का गोल्ड जीतने के साथ भारत ने Los Angeles 2028 Olympics के लिए सीधे क्वालिफिकेशन हासिल कर लिया है। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) के अनुसार, एशियाई खेलों की महिला हॉकी प्रतियोगिता की विजेता टीम को ओलंपिक के लिए सीधा कोटा मिलता है। अन्य शीर्ष टीमों के लिए FIH Olympic Qualifiers के जरिए आगे बढ़ने का रास्ता रहता है।
भारतीय महिला टीम के लिए यह उपलब्धि पिछले कुछ वर्षों के प्रदर्शन के बाद आई है। 2026 में टीम ने FIH Women’s Nations Cup का खिताब जीता और इसके बाद Women’s World Cup में पांचवां स्थान हासिल किया, जो 1974 के बाद उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। एशियाई खेलों का गोल्ड जीतने के साथ टीम ने अब अपने अगले बड़े लक्ष्य के रूप में 2028 ओलंपिक की तैयारी के लिए जगह बना ली है।
यह भी पढ़े – Indore Water Contamination: दूषित पानी पर कांग्रेस नेता उमंग सिंघार ने FIR की मांग की




