द लोकतंत्र/सुनील पांडेय/अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू (Mad Sandhu) की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई है। शनिवार शाम लोहारका रोड स्थित एक कार वॉश के बाहर बाइक सवार दो हमलावरों ने कथित तौर पर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गंभीर रूप से घायल मैड संधू को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद सामने आए वीडियो में मैड संधू सड़क पर घायल अवस्था में दिखाई दे रहे हैं। घटनास्थल पर गोली के खोल भी नजर आए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।
कार वॉश के बाहर Mad Sandhu पर हुआ 4-5 राउंड फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, Mad Sandhu अपनी कार धुलवाने के लिए लोहारका रोड स्थित कार वॉश पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वह कुछ देर के लिए वहां से चले गए थे और बाद में दो लड़कियां उन्हें कार लेने के लिए छोड़ने पहुंचीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक युवक बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा मैड संधू के पास पहुंचा और फायरिंग कर दी।
करीब 4-5 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है। इनमें से दो गोलियां मैड संधू को लगीं। फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी उन्हें सड़क से उठाकर अस्पताल ले गए, लेकिन उनकी हालत बेहद गंभीर थी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
आखिरी रील में क्या था?
Mad Sandhu ने घटना से कुछ घंटे पहले शनिवार शाम करीब 5 बजे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर आखिरी रील पोस्ट की थी। इस रील में उन्होंने शादी से जुड़ी एक पंक्ति का इस्तेमाल किया था। इसके कुछ ही समय बाद उनकी हत्या की खबर सामने आई।
गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पोस्ट में ली जिम्मेदारी?
हत्या के बाद गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई। इसमें Mad Sandhu की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पोस्ट में आरोप लगाया गया कि मैड संधू सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को प्रभावित कर रहे थे। पोस्ट में ऐसे अन्य लोगों को भी धमकी देने का दावा किया गया है, जो कथित तौर पर इसी तरह की सामग्री बनाते या उसे बढ़ावा देते हैं।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस सोशल मीडिया दावे की पुष्टि नहीं की है। इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि हत्या के पीछे वास्तव में यही वजह थी या इस दावे का हत्याकांड से कोई प्रत्यक्ष संबंध है। पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
पुलिस को मिले सुराग, हमलावरों की तलाश जारी
पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल के मुताबिक, पुलिस को मामले में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस फिलहाल घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच का मुख्य फोकस Mad Sandhu पर हमलावरों की पहचान, हत्या की वजह और सोशल मीडिया पर सामने आए जिम्मेदारी के दावे की वास्तविकता पता लगाने पर है।
कौन थे Mad Sandhu?
Mad Sandhu का वास्तविक नाम मधुसूदन बताया जाता है। वह सोशल मीडिया पर मेकअप, फैशन और लाइफस्टाइल से जुड़े वीडियो और रील्स बनाते थे। सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी-खासी फॉलोइंग थी और वह अपने कंटेंट को लेकर अक्सर चर्चा में रहते थे। उन्होंने कुछ पंजाबी फिल्मों में भी काम किया था। मैड संधू अपनी पहचान और निजी जीवन को लेकर भी सोशल मीडिया पर खुलकर बात करते थे। वह LGBTQ समुदाय से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी राय रखते थे। उनके कंटेंट को जहां बड़ी संख्या में लोग पसंद करते थे, वहीं उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और आलोचना का भी सामना करना पड़ता था। इसके बावजूद वह लगातार सोशल मीडिया पर सक्रिय रहे और अपने वीडियो साझा करते रहे।
तीन महीने पहले भी विवाद में आए थे Mad Sandhu
हत्या से करीब तीन महीने पहले Mad Sandhu का नाम निहंग जत्थेदार मनप्रीत सिंह खालसा के साथ हुए विवाद को लेकर चर्चा में आया था। उस समय सोशल मीडिया पर उनके पहनावे, गतिविधियों और पुराने वीडियो को लेकर आपत्ति जताई गई थी। निहंग पक्ष की ओर से उन्हें ऐसी सामग्री से दूरी बनाने की चेतावनी दी गई थी, जिसके बारे में उनका कहना था कि उसका पंजाब की संस्कृति और युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ सकता है। विवाद के दौरान मैड संधू ने अपनी सफाई देते हुए कहा था कि उन्होंने खुद में बदलाव किया है और पुरानी गलतियों को दोहराना बंद कर दिया है। उनका कहना था कि उनके पुराने वीडियो दोबारा शेयर कर विवाद खड़ा किया जा रहा है।
पंजाबी गायक केएस माखन से भी हुआ था विवाद
Mad Sandhu का नाम पंजाबी गायक केएस माखन के साथ हुए विवाद में भी सामने आया था। एक लाइव शो और पॉडकास्ट के दौरान मैड संधू के अंदाज और लाइफस्टाइल को लेकर की गई टिप्पणियों के बाद दोनों पक्षों के बीच सोशल मीडिया पर बयानबाजी हुई थी। फिलहाल पुलिस की जांच हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और हमलावरों तक पहुंचने पर केंद्रित है। सोशल मीडिया पर सामने आए गोल्डी ढिल्लों के कथित दावे की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े-



