द लोकतंत्र : भारत की राजधानी दिल्ली अपनी विविध संस्कृति के लिए जानी जाती है। यहां आपको हर राज्य के पहनावे और खानपान का अनुभव मिलेगा। जहां मजनू का टीला तिब्बती फूड्स (जैसे मोमोज, लाफिंग) के लिए फेमस है, वहीं दिल्ली में कुछ ऐसी खास जगहें भी हैं, जहां आपको स्ट्रीट फूड नहीं, बल्कि भारत के अलग-अलग राज्यों के व्यंजनों से भरी थाल मिलेगी, जिसे खाते ही आपको अपने घर की याद आ जाएगी।
दिल्ली में कुछ ऐसी ‘भवन कैंटीन’ हैं, जो अपने पारंपरिक और ऑथेंटिक (Authentic) खाने को लेकर काफी प्रसिद्ध हैं। ये कैंटीनें कम कीमत में बेहतरीन स्वाद और घर जैसा भोजन परोसने के लिए मशहूर हैं।
अगर आपको भी देसी खाना पसंद है, तो आप दिल्ली में इन 6 प्रसिद्ध भवन कैंटीनों में जरूर जा सकते हैं:
1. आंध्र प्रदेश भवन (Andhra Pradesh Bhavan)
खासियत: यह कैंटीन अपनी पारंपरिक आंध्र थाली के लिए विश्व प्रसिद्ध है। थाली में सांबर, रसम, चावल, सब्जियां, आचार, चटनी और कई प्रकार के फूड्स शामिल होते हैं।
लोकप्रिय व्यंजन: यहां की हैदराबादी बिरयानी, मसालेदार चिकन और सी फूड्स भी काफी प्रसिद्ध हैं।
पता: 1 अशोक रोड, फिरोजशाह रोड, कनॉट प्लेस, नई दिल्ली।
2. असम भवन (Assam Bhavan)
खासियत: असम भवन की कैंटीन में आपको खुली हवा में आंगन में बैठकर खाना खाने का मौका मिलता है। यहां की थाली में बीचों बीच चावल रखे होते हैं, जिसके साथ दाल, आलू पीथिका, सब्जी और भुना बैंगन परोसा जाता है।
लोकप्रिय व्यंजन: यहां की पोर्क करी और फिश टेंगा (हल्की खट्टी फिश करी) भी काफी प्रसिद्ध है।
पता: सरदार पटेल मार्ग पर नंबर 1, गोपीनाथ बोरदोलोई मार्ग, चाणक्यपुरी, नई दिल्ली। (रेस्तरां असम भवन के बेसमेंट में है)।
3. गुजरात भवन (Gujarat Bhavan)
खासियत: गुजरात भवन में आपको ऑथेंटिक गुजराती थाली मिलेगी। यहां आप गुजराती कढ़ी, खिचड़ी, भाखरवड़ी, थेपला, छास और सबसे स्वादिष्ट फाफड़ा-जलेबी का लुत्फ उठा सकते हैं।
थाली ऑप्शन: यहां पर स्पेशल थाली, रेग्यूलर थाली और मिनी थाली जैसे ऑप्शन मिल सकते हैं, जिसे आप अपनी जरूरत के मुताबिक ले सकते हैं।
पता: चाणक्यपुरी 11, कौटिल्य मार्ग, नई दिल्ली।
4. महाराष्ट्र सदन कैंटीन (Maharashtra Sadan Canteen)
खासियत: महाराष्ट्र के चटपटे स्ट्रीट फूड्स और पारंपरिक व्यंजनों के लिए यह जगह सबसे लोकप्रिय है।
लोकप्रिय व्यंजन: आपको चटनी के साथ मिसल पाव, बटाटा वड़ा, वड़ा पाव और साबूदाना वड़ा मिल जाएगा। इसके साथ ही, यहां की ऑथेंटिक मटन कोल्हापुरी, मछली कोलीवाड़ा, दाल कोल्हापुरी और मटन मालवणी काफी लोकप्रिय है। अंत में, यहां का श्रीखंड भी बहुत स्वादिष्ट होता है।
पता: कस्तूरबा गांधी मार्ग पर कॉपरनिकस मार्ग के पास, नई दिल्ली।
5. तमिलनाडु हाउस (Tamil Nadu House)
खासियत: तमिलनाडु हाउस में आपको स्वादिष्ट पारंपरिक खाना खाने का अवसर मिलेगा। यह जगह केवल इडली, उपमा और डोसा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यहां के चटपटे चेट्टिनाड स्वादिष्ट व्यंजन भी मिलते हैं।
लोकप्रिय व्यंजन: यहां की चिकन बिरयानी, पतले मालाबार पैरोट्टा और चिकन चेट्टीनाड भी काफी स्वादिष्ट होती है।
पता: चाणक्यपुरी में चाणक्य थिएटर के पास ही स्थित है।
6. गोवा निवास (Goa Niwas)
खासियत: जो लोग गोवा के पारंपरिक फूड्स का स्वाद लेना चाहते हैं, वह गोवा निवास जा सकते हैं। इस कैंटीन का आर्किटेक्चर पूरी तरह गोवा थीम पर बेस्ड है।
लोकप्रिय व्यंजन: यहां पर मसालों और नारियल से बनी फिश करी और राइस बहुत स्वादिष्ट होते हैं। इसके अलावा, पोर्क विंडालू, झींगा, बेबिन्का, तली हुई मछली, कोकम वाली ड्रिंक और अलसान्याचे टोनक काफी प्रसिद्ध है।
पता: बिहार भवन के पास बीर टिकेंद्रजीत मार्ग, चाणक्यपुरी, नई दिल्ली।

