द लोकतंत्र: आजकल सोलो ट्रैवल (Solo Travel) का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। खासतौर पर महिलाएं अब अपने कम्फर्ट ज़ोन से बाहर निकलकर दुनिया को अपने तरीके से एक्सप्लोर करना चाहती हैं। लेकिन अकेले घूमने के दौरान सुरक्षा सबसे बड़ी चिंता रहती है। बढ़ते अपराधों के बीच कई बार घरवाले भी बेटियों को अकेले ट्रिप पर भेजने से घबराते हैं।
अगर आप भी सोलो ट्रिप प्लान कर रही हैं और सुरक्षित जगह तलाश रही हैं, तो भारत में कई ऐसे डेस्टिनेशन हैं जिन्हें नेशनल एनुअल रिपोर्ट एंड इंडेक्स ऑन वीमेन सेफ्टी (NARI) 2025 की रिपोर्ट में महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित माना गया है। यहां आप बिना डर अपनी ट्रैवल का मज़ा ले सकती हैं।
मुंबई: सिटी ऑफ ड्रीम्स
मुंबई न सिर्फ भारत की आर्थिक राजधानी है, बल्कि महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित शहरों में से एक है। यहां रात के समय भी महिलाएं बिना झिझक घूम सकती हैं। जुहू बीच पर सुकून के पल बिताएं, गेटवे ऑफ इंडिया या ताज होटल जैसे ऐतिहासिक स्थानों को देखें। पुलिस व्यवस्था, हेल्पलाइन और बेहतर ट्रांसपोर्ट यहां के अनुभव को और भी आसान बनाते हैं।
गंगटोक: नेचर का ठिकाना
सिक्किम की राजधानी गंगटोक शांत, सुंदर और महिलाओं के लिए सुरक्षित मानी जाती है। यहां के लोग पर्यटकों के प्रति दोस्ताना व्यवहार रखते हैं। हिमालय के नज़ारे, ट्रैकिंग और स्थानीय संस्कृति यहां के आकर्षण हैं। नज़दीकी रेलवे स्टेशन न्यू जलपाईगुड़ी और एयरपोर्ट पक्योंग है।
विशाखापट्टनम: बीच और इतिहास का संगम
आंध्र प्रदेश का विशाखापट्टनम समुद्र प्रेमियों के लिए शानदार जगह है। यहां बीच, पोर्ट और कई ऐतिहासिक स्थल घूमने लायक हैं। दिन में यह जगह काफी सुरक्षित मानी जाती है, हालांकि देर रात अकेले निकलने से बचें।
लैंसडाउन: उत्तराखंड का छुपा रत्न
उत्तराखंड का लैंसडाउन एक शांत हिल स्टेशन है, जिसकी देखरेख भारतीय सेना करती है। पहाड़, झरने और स्वच्छ वातावरण यहां की पहचान हैं। कोटद्वार से 40 किमी की दूरी पर स्थित यह डेस्टिनेशन महिलाओं के लिए बेहतरीन है।
मुन्नार: ग्रीन पैराडाइज़
केरल का मुन्नार महिलाओं के लिए भारत का सबसे सुरक्षित हिल स्टेशन माना जाता है। यहां चाय बागान, वादियां और प्रकृति का अद्भुत सौंदर्य सोलो ट्रिप को यादगार बनाते हैं। कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है।
सोलो ट्रैवल सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाने का बेहतरीन तरीका है। अगर आप सही जगह चुनें और बेसिक सेफ्टी नियमों का पालन करें, तो यह अनुभव यादगार बन सकता है। ऊपर बताई गईं जगहें महिलाओं के लिए सुरक्षित हैं और यहां आप बिना चिंता अपने सोलो एडवेंचर का आनंद उठा सकती हैं।