द लोकतंत्र/ रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए इसे देश के विकास की दिशा में ऐतिहासिक और दूरदर्शी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आर्थिक आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत के सुनहरे भविष्य की मजबूत नींव है, जिसमें विकास के साथ-साथ समाज के हर वर्ग के कल्याण को प्राथमिकता दी गई है। मुख्यमंत्री ने इसे कर्तव्य भवन में प्रस्तुत पहला बजट बताते हुए कहा कि इसमें रोजगार सृजन, जन-अपेक्षाओं की पूर्ति और सबका साथ, सबका विकास की भावना स्पष्ट रूप से झलकती है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया गया यह बजट गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं, मध्यम वर्ग और श्रमिकों; सभी के लिए लाभकारी साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बजट का सीधा लाभ छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को मिलेगा और राज्य के विकास को नई गति प्राप्त होगी।
कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया बल
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट 2026-27 में किसानों की आय बढ़ाने के लिए ठोस और व्यावहारिक प्रावधान किए गए हैं। आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल से कृषि उत्पादकता बढ़ाने की योजना से खेती अधिक लाभकारी बनेगी। पशुपालन और डेयरी सेक्टर को प्रोत्साहन देने के साथ महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के जरिए स्थानीय उद्योग, हस्तशिल्प और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
युवाओं के लिए अवसरों से भरा बजट
युवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट उम्मीदों से भरा है। स्टार्टअप, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन क्षेत्रों में रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और युवाओं को अपने ही क्षेत्रों में काम करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि विदेश यात्रा और विदेशों में शिक्षा पहले की तुलना में अधिक सुलभ होगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने बजट को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे कैंसर, डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी। जिला अस्पतालों के उन्नयन, हर जिले में इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा देने से आम जनता को बड़ा लाभ मिलेगा। मेडिकल टूरिज्म के लिए पांच क्षेत्रीय हब बनाए जाने से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
महिला सशक्तिकरण, उद्योग और शिक्षा पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि लखपति दीदी योजना के विस्तार से महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जाएगा। क्रेडिट-लिंक्ड सहायता से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगी। साथ ही, हर जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण से उच्च शिक्षा में उनकी भागीदारी बढ़ेगी। उद्योग, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, नए जलमार्ग, टेक्सटाइल पार्क, खनिज कॉरिडोर और सेमीकंडक्टर मिशन जैसे कदम औद्योगिक विकास और रोजगार को नई दिशा देंगे। खेलो इंडिया और शिक्षा सुधारों से बच्चों और युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे।
कर सुधार और महंगाई में राहत
कर सुधारों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आयकर प्रक्रिया को सरल बनाया गया है, जिससे छोटे करदाताओं को राहत मिलेगी। दवाइयों, कपड़ों, जूतों, मोबाइल, ईवी बैटरी, सोलर उपकरण, बायोगैस और सीएनजी जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं के सस्ते होने से आम जनता को सीधा फायदा होगा।
अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास की भावना को और मजबूत करता है। यह बजट छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में समावेशी और सतत विकास को सुनिश्चित करेगा। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।

