द लोकतंत्र/ रायपुर : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार ज़िले के सोनाखान में शहीद वीर नारायण सिंह के शहादत दिवस पर आयोजित मुख्य समारोह में CM विष्णु देव साय शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल ₹101.44 करोड़ के 119 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें ₹75.55 करोड़ के 88 कार्यों का लोकार्पण और ₹25.89 करोड़ के 31 कार्यों का भूमिपूजन किया गया। यह आयोजन राज्य के ग्रामीण विकास, जल प्रबंधन और बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के लक्ष्य को रेखांकित करता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में बेहतर मूलभूत सुविधाओं के लिए कई घोषणाएँ कीं। सोनाखान में ग्रामीण बस सेवा, नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण के लिए ₹75 लाख, सियान सदन के लिए ₹50 लाख और मड़ई मेला स्थल में शौचालय निर्माण के लिए ₹20 लाख की घोषणा की गई। इसके साथ ही इको-टूरिज्म विकास और सड़क निर्माण को अगले बजट में शामिल करने की भी बात कही गई।
समारोह में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित हुए। 10 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास की चाबी प्रदान की गई, वहीं हम होंगे कामयाब योजना के तहत 37 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। साथ ही आदिवासी समाज के 5 प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री का संबोधन
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह अंग्रेज़ी हुकूमत के खिलाफ गरीबों, किसानों और आदिवासी समुदाय के अधिकारों की आवाज बने। अकाल के समय उन्होंने जरूरतमंदों में अनाज बांटा और 10 दिसंबर को अंग्रेज़ों ने उन्हें फांसी पर चढ़ा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राज्य सरकार उनके आदर्शों और संघर्षों को आगे बढ़ाते हुए विकास की दिशा में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक नल के जल की सुविधा पहुंचाई जा रही है, बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और सरकार ने दो साल के भीतर अपने अधिकांश वादे पूरे किए हैं।
प्रमुख लोकार्पण कार्य (PHE विभाग)
ग्राम ओड़ान, खरतोरा, सकरी, गोरधा और दतान में करोड़ों रुपये की नल-जल प्रदाय योजनाओं का लोकार्पण किया गया। वहीं अर्जुनी, लवन शाखा नहर, मटिया नाला, परसाडीह और लाहोद में तटबंध एवं स्टापडेम निर्माण से संबंधित कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर भूख और अन्याय के खिलाफ उठी सबसे बुलंद आवाज़ शहीद वीर नारायण सिंह आज भी हमारी प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अंजोर विजन-2047 राज्य को विकसित छत्तीसगढ़ की ओर ले जाने वाला स्पष्ट रोडमैप है।

