द लोकतंत्र/ मुंबई : महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार को एक ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण देखने को मिला, जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेता और दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने राज्य की उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मुंबई स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे।
शपथग्रहण के दौरान लोक भवन ‘अजित दादा अमर रहें’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। यह पद 28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे में अजित पवार के असामयिक निधन के बाद खाली हुआ था। सुनेत्रा पवार के शपथ लेते ही वे महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन गईं, जिसे राज्य की राजनीति में एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है।
सुनेत्रा पवार को NCP विधायक दल का नेता चुना गया
इससे पहले शनिवार को ही सुनेत्रा पवार को NCP विधायक दल का नेता चुना गया था। इसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर उनके नाम को औपचारिक रूप से अंतिम रूप दिया। शपथग्रहण समारोह में महाराष्ट्र सरकार के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, NCP के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे, कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल और मंत्री छगन भुजबल भी उपस्थित रहे।
छगन भुजबल ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि मौजूदा हालात में यह बिल्कुल सही निर्णय है। उन्होंने कहा कि पार्टी विधायक और जनता दोनों ही चाहते थे कि सुनेत्रा पवार उपमुख्यमंत्री बनें। भुजबल के मुताबिक, अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद पार्टी को एक मजबूत और भरोसेमंद नेतृत्व की जरूरत थी, जिसे सुनेत्रा पवार पूरा करती हैं।
अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा संभालेंगी सियासी विरासत
सुनेत्रा पवार सिर्फ राजनीतिक विरासत की वजह से नहीं, बल्कि अपने सामाजिक और विकास कार्यों के लिए भी जानी जाती हैं। वह वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं और सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण सशक्तिकरण के क्षेत्र में सक्रिय रही हैं। वर्ष 2010 में उन्होंने ‘एनवायरनमेंटल फोरम ऑफ इंडिया’ की स्थापना की थी, जो पर्यावरण जागरूकता, जैव विविधता संरक्षण, जल संसाधन प्रबंधन और सूखा प्रभावित क्षेत्रों में काम करता है। जमीनी स्तर पर उनके अभियानों को व्यापक समर्थन मिला है।
गौरतलब है कि अजित पवार का बुधवार को उस समय निधन हो गया था, जब उनका चार्टर्ड विमान बारामती हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में उनके निजी सुरक्षा अधिकारी, एक फ्लाइट अटेंडेंट और दो पायलट समेत सभी पांच लोगों की मौत हो गई थी। इस दुखद घटना के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में जो खालीपन पैदा हुआ था, उसे अब सुनेत्रा पवार के नेतृत्व से भरने की कोशिश की जा रही है।
सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री बनने के साथ ही न केवल NCP बल्कि महाराष्ट्र की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है, जहां संवेदना, अनुभव और नेतृत्व तीनों का संगम देखने को मिल रहा है।

