द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : नई दिल्ली में प्रधानमंत्री Narendra Modi शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की। पार्टी कार्यालय पहुंचने पर बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने फूलों का गुलदस्ता देकर पीएम मोदी का अभिनंदन किया।
बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीर साझा करते हुए कहा कि संगठनात्मक बैठकें नए विचारों और नजरिए पर केंद्रित होती हैं। उन्होंने कहा कि इन बैठकों का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और लोगों के साथ पार्टी का जुड़ाव और गहरा करना है। पीएम मोदी ने नई संगठनात्मक टीम के साथ हुई बातचीत को अच्छा अनुभव बताया। प्रधानमंत्री ने पार्टी के नए पदाधिकारियों के साथ तस्वीर भी साझा की। यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब बीजेपी युवाओं के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए Gen-Z Outreach Programme पर भी फोकस कर रही है।
नई टीम को संगठन मजबूत करने का मंत्र, युवाओं से जुड़ाव बढ़ाने पर जोर
पीएम मोदी के साथ बैठक से एक दिन पहले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम की पहली परिचय बैठक की अध्यक्षता की थी। इसके साथ ही नए पदाधिकारियों की संगठनात्मक जिम्मेदारियों की औपचारिक शुरुआत हुई। राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में नितिन नवीन ने संगठन को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों से विशेष रूप से युवाओं के साथ संवाद बढ़ाने और उन्हें पार्टी की विचारधारा तथा संगठन से जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ काम करने का संदेश दिया गया। साथ ही पदाधिकारियों से विचारधारा से जुड़े रहते हुए संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए काम करने को कहा गया। पार्टी नेतृत्व ने केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। पदाधिकारियों से कहा गया कि वे सरकारी योजनाओं के लाभ और उनके परिणामों की जानकारी जनता तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
चुनावी राज्यों की तैयारियों की होगी समीक्षा, अनुशासन पर भी फोकस
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को संगठन की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक करने वाले हैं। इसमें विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और प्रभारी शामिल होंगे। बैठक बीजेपी मुख्यालय में सुबह 10 बजे से प्रस्तावित है। इस बैठक में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब समेत आगामी चुनाव वाले राज्यों में पार्टी की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा संगठन की ओर से चलाए जा रहे कार्यक्रमों और अन्य राजनीतिक एवं संगठनात्मक मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में सार्वजनिक जीवन में संयम और अनुशासन बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। नेताओं को अपने आचरण और व्यवहार में संगठन की मर्यादा का ध्यान रखने की नसीहत दी गई। साथ ही विपक्ष के आरोपों और राजनीतिक मुद्दों का जवाब भावनात्मक तरीके से नहीं, बल्कि तथ्यों के आधार पर देने का निर्देश दिया गया। बीजेपी की नई टीम के गठन के बाद लगातार हो रही बैठकों को आगामी चुनावों और संगठन के विस्तार की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। खासतौर पर युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर नेतृत्व का फोकस दिखाई दे रहा है।




