द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस बार दिवाली का त्योहार कुछ अनोखे अंदाज में मनाया। सोमवार को राहुल गांधी पुरानी दिल्ली की मशहूर और ऐतिहासिक घंटेवाला मिठाई की दुकान पहुंचे, जहां उन्होंने खुद बेसन के लड्डू और इमरती बनाने का अनुभव लिया। राहुल गांधी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
राहुल गांधी ने अपने एक्स (Twitter) अकाउंट पर इस विजिट का वीडियो साझा करते हुए लिखा, पुरानी दिल्ली की मशहूर और ऐतिहासिक घंटेवाला मिठाइयों की दुकान पर इमरती और बेसन के लड्डू बनाने में हाथ आज़माया। सदियों पुरानी इस प्रतिष्ठित दुकान की मिठास आज भी वही है खालिस, पारंपरिक और दिल को छू लेने वाली। दीपावली की असली मिठास सिर्फ थाली में नहीं, बल्कि रिश्तों और समाज में भी होती है।
उन्होंने लोगों से पूछा कि वे अपनी दिवाली को कैसे खास बना रहे हैं। साथ ही, राहुल गांधी ने एक अन्य पोस्ट में देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और लिखा, भारत खुशियों के दीपों से जगमगाए, हर घर में सुख, समृद्धि और प्रेम का प्रकाश फैले।
दुकानदार ने की राहुल गांधी से शादी की अपील
इस दौरान घंटेवाला दुकान के मालिक ने राहुल गांधी से कहा कि उन्होंने जवाहरलाल नेहरू से लेकर प्रियंका गांधी तक सभी को यहां की मिठाई खिलाई है। उन्होंने मज़ाकिया अंदाज में राहुल से कहा, अब आपकी शादी की मिठाई देने का इंतज़ार है। यह सुनकर राहुल गांधी मुस्कुरा दिए और फिर खुद इमरती तलने और लड्डू बनाने लगे।
वीडियो में राहुल गांधी कहते नजर आए कि यह मिठाइयां पारंपरिक तरीके से बनाई जाती हैं और इसमें बहुत मेहनत और हुनर लगता है। उनका यह सहज और लोकल अंदाज़ लोगों को खूब पसंद आ रहा है।

