द लोकतंत्र : टीवी के पॉपुलर शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) में हाल ही में एक 10 साल का बच्चा इशित भट्ट कंटेस्टेंट बनकर हॉट सीट पर बैठा था। हालांकि, शो के दौरान अपने व्यवहार के कारण यह बच्चा चर्चा में आ गया। हॉट सीट पर बैठने के बाद इशित ने दिग्गज एक्टर अमिताभ बच्चन के साथ कथित तौर पर रूखा बर्ताव किया था।
जब अमिताभ उसे खेल के नियम समझाने लगे थे, तो इशित ने असहज लहजे से कहा था कि उसे नियम पता हैं और वह बार-बार बिग बी को बीच में टोक भी रहा था। उसके इस व्यवहार की सोशल मीडिया पर खूब आलोचना हुई थी। अब उस बच्चे ने आखिरकार अपनी गलती और बुरे बर्ताव के लिए दिग्गज एक्टर से माफी मांगी है। उसने बताया कि उसे अपने व्यवहार पर पछतावा है और वह उस पल घबरा गया था।
10 साल के बच्चे ने मांगी बिग बी से माफी
इशित भट्ट वाले एपिसोड से जुड़ी एक क्लिप सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है, जिसमें इशित बिग बी से फोटो के लिए रिक्वेस्ट करते हुए नजर आ रहा है। इसके बाद बिग बी बच्चे के साथ तस्वीर क्लिक करवाते हैं।
इस वीडियो को @ishit_bhatt_official नाम के इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर किया गया था। हालांकि, इस पेज को अब हटा लिया गया है, लेकिन उसका कैप्शन सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
कैप्शन में लिखा गया था:
“सभी को नमस्कार, मैं कौन बनेगा करोड़पति में अपने व्यवहार के लिए तहेदिल से माफी मांगना चाहता हूं। मुझे पता है कि मेरे बोलने के तरीके से कई लोग आहत या निराश हुए होंगे, और मुझे इसका बहुत पछतावा है।”
इशित ने आगे अपनी गलती का कारण बताते हुए लिखा:
“उस पल, मैं घबरा गया और मेरा रवैया बिल्कुल गलत निकला। मेरा इरादा असभ्य होने का नहीं था। मैं अमिताभ बच्चन सर और पूरी केबीसी टीम का बहुत सम्मान करता हूं।”
‘मैंने एक बड़ा सबक सीखा है…’
इशित ने अपनी माफी में यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने इस घटना से एक बड़ा सबक सीखा है।
कैप्शन में आगे लिखा गया था:
“मैंने एक बड़ा सबक सीखा है कि कैसे शब्द और कर्म हमारी पहचान को दर्शाते हैं, खासकर इतने बड़े मंच पर। मैं भविष्य में और भी विनम्र, सम्मानजनक और विचारशील रहने का वादा करता हूं।”
आगे इशित द्वारा उन सभी लोगों को धन्यवाद दिया गया जिन्होंने उनके बुरे समय में भी उनका सपोर्ट किया था। इस माफीनामे से यह स्पष्ट होता है कि बच्चा अपनी गलती को समझता है और भविष्य में अपने व्यवहार को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह घटना दर्शाती है कि दबाव और घबराहट में कभी-कभी अनजाने में गलती हो जाती है।

