द लोकतंत्र/ सारण : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सारण जिले के तरैया विधानसभा क्षेत्र से एनडीए के चुनाव प्रचार का आगाज़ किया। अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि एनडीए (NDA) इस बार सबसे बड़े बहुमत से बिहार में सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा, हमारी लड़ाई लालू प्रसाद यादव के जंगलराज के खिलाफ है। नीतीश कुमार ने बीते 20 वर्षों में बिहार को उस अंधकारमय दौर से बाहर निकाला है और अब जनता एक बार फिर विकास और सुशासन के पक्ष में वोट करेगी।
सारण की भूमि हमेशा विजय का संदेश देती है
अमित शाह ने मंच से उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, सारण की भूमि हमेशा विजय का संदेश देती है। यहां से शुरू हुआ प्रचार अभियान हमेशा जीत की राह दिखाता है। आज मैं सभी माताओं, बहनों और भाइयों को प्रणाम करता हूं और NDA की जीत का संकल्प दिलाने आया हूं।
जनसभा के दौरान अमित शाह ने कहा कि इस बार बिहार में हर आदमी चार-चार बार दिवाली मनाएगा। उन्होंने समझाते हुए कहा- पहली दिवाली जब प्रभु श्रीराम अयोध्या लौटे थे, दूसरी दिवाली जब हर जीविका दीदी के खाते में 10,000 रुपये पहुंचे, तीसरी दिवाली जब देशभर में GST बचत उत्सव मनाया गया और चौथी दिवाली जब 14 नवंबर को NDA भारी बहुमत से सरकार बनाएगा और लालू-राहुल कंपनी का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
लालू यादव के शासनकाल में अपराध, पलायन और हिंसा
उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि लालू यादव के शासनकाल में अपराध, पलायन और हिंसा बिहार की पहचान बन चुकी थी, लेकिन मोदी-नीतीश की जोड़ी ने राज्य को विकास की राह पर आगे बढ़ाया। शाह ने कहा, UPA के राज में आतंकवादियों ने खून की होली खेली थी, लेकिन मोदी सरकार के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने पाकिस्तान की धरती पर जाकर आतंकियों का खात्मा किया।
अमित शाह ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कराया, और अब सीता माता के पुनौरा धाम में भी भव्य मंदिर बन रहा है। उन्होंने जनता से पूछा, आप बताइए, क्या राम मंदिर बनना चाहिए था या नहीं? सभा में गूंजते नारों के बीच उन्होंने कहा कि यही मोदी जी की राजनीति है- विकास, सुरक्षा और आस्था का संगम।
RJD पर हमला करते हुए शाह ने कहा कि लालू यादव की पार्टी ने शहाबुद्दीन के बेटे को टिकट दिया है, जो ‘जंगलराज’ की यादें ताज़ा करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस मंडल की एक भी सीट विपक्ष को गई, तो बिहार फिर हिंसा और अराजकता के दौर में चला जाएगा। सभा के अंत में शाह ने कहा, बिहार की जनता समझदार है, वह लालू-राहुल कंपनी का जंगलराज कभी वापस नहीं आने देगी। NDA की ऐतिहासिक जीत अब तय है।

