Advertisement Carousel
Sports

टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराया, महाशिवरात्रि पर ‘महाविजय’ की सीएम साय ने दी बधाई

T20 World Cup 2026: India beat Pakistan by 61 runs, make it to Super-8

द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप-ए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान पर शानदार जीत दर्ज करते हुए 61 रन से मैच अपने नाम कर लिया। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए और जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारत ने सुपर-8 राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली।

भारत की जीत में गेंदबाजों की सामूहिक भूमिका रही। हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट झटके और पाकिस्तानी बल्लेबाजी क्रम को कभी संभलने नहीं दिया। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने सर्वाधिक 44 रन बनाए, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला।

टी20 वर्ल्ड कप में भारत का पाकिस्तान पर दबदबा कायम रहा। दोनों टीमों के बीच अब तक नौ मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से आठ बार भारतीय टीम ने जीत हासिल की है। पाकिस्तान को केवल एक बार 2021 में सफलता मिली थी।

ईशान किशन की तूफानी पारी और गेंदबाजों का कहर

भारत की बल्लेबाजी की नींव ईशान किशन ने रखी। उन्होंने 40 गेंदों में 77 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उन्होंने महज 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर पाकिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उनकी इस पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 32 रन का योगदान दिया।

पाकिस्तान की ओर से सईम अयूब ने तीन विकेट लेकर वापसी की कोशिश की। एक समय वह हैट्रिक पर भी थे, लेकिन शिवम दुबे ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। पाकिस्तान की पारी की शुरुआत खराब रही। पहले ही ओवर में साहिबज़ादा फरहान बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने सईम अयूब और सलमान आगा को जल्दी पवेलियन भेजकर मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। अक्षर पटेल ने बाबर आजम को बोल्ड कर बड़ा झटका दिया। 10.4 ओवर में पाकिस्तान 73 रन पर पांच विकेट गंवा चुका था।

इसके बाद विकेटों का सिलसिला थमता नजर नहीं आया। कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ने मध्यक्रम को समेट दिया। अंततः हार्दिक पंड्या ने आखिरी विकेट लेकर पाकिस्तान की पारी खत्म कर दी। टूर्नामेंट में अब तक भारत ने अपने सभी तीन मुकाबले जीतकर ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया है, जबकि पाकिस्तान दो जीत और एक हार के साथ दूसरे स्थान पर है। यह जीत टीम इंडिया के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई देने वाली साबित हुई है।

महाशिवरात्रि पर ‘महाविजय’, सीएम विष्णु देव साय ने दी शुभकामनाएं

इस ऐतिहासिक जीत के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारतीय टीम को बधाई दी। महाशिवरात्रि के पावन अवसर का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे ‘महाविजय’ बताया।

मुख्यमंत्री साय ने अपने पोस्ट में लिखा, महाशिवरात्रि पर महाविजय की हार्दिक बधाई! आज श्रीलंका के कोलंबो में खेले गए टी-20 विश्व कप मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 61 रनों से पराजित कर राष्ट्र का मान बढ़ाया है। हमारे जांबाज खिलाड़ियों ने पाकिस्तान पर दबदबा कायम रखते हुए एक और यादगार जीत दर्ज की है। यह विजय करोड़ों देशवासियों के लिए गर्व और उत्साह का क्षण है। भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों को इस गौरवपूर्ण सफलता के लिए हार्दिक बधाई एवं आगामी मुकाबलों के लिए मंगलकामनाएँ। जय हिंद!

यह भी पढ़ें : राजिम कुंभ कल्प 2026 का भव्य समापन, महाशिवरात्रि पर CM Vishnu Deo Sai ने लिया आशीर्वाद

Team The Loktantra

Team The Loktantra

About Author

लोकतंत्र की मूल भावना के अनुरूप यह ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां स्वतंत्र विचारों की प्रधानता होगी। द लोकतंत्र के लिए 'पत्रकारिता' शब्द का मतलब बिलकुल अलग है। हम इसे 'प्रोफेशन' के तौर पर नहीं देखते बल्कि हमारे लिए यह समाज के प्रति जिम्मेदारी और जवाबदेही से पूर्ण एक 'आंदोलन' है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like

WI INDIA 2nd ODI
Sports

वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में भारतीय बल्लेबाजी बुरी तरह फ्लॉप, मैच हारे

द लोकतंत्र / स्पोर्ट्स डेस्क : ब्रिजटाउन, बारबाडोस में खेले गये दूसरे वनडे में वेस्टइंडीज ने भारत को 6 विकेट
ICC World Cup 2023
Sports

पेटीएम और बुक माय शो पर ऑनलाइन बिकेंगे वर्ल्ड कप 2023 के टिकट

द लोकतंत्र / स्पोर्ट्स डेस्क : वर्ड कप 2023 (World Cup 2023) के टिकटों की बिक्री पेटीएम और बुक माय