द लोकतंत्र: Khatron Ke Khiladi 15 को लेकर जो कयास लगाए जा रहे थे, उन पर अब विराम लग गया है। कुछ समय पहले खबरें सामने आई थीं कि शो का अगला सीजन रद्द कर दिया गया है, लेकिन अब सूत्रों के मुताबिक, फैंस को एक बार फिर डर और एक्शन से भरपूर यह रियलिटी शो देखने को मिलेगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, रोहित शेट्टी के साथ शो का 15वां सीजन जनवरी 2026 में कलर्स टीवी पर प्रीमियर हो सकता है। हालांकि, चैनल या मेकर्स की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन चर्चाएं तेज़ हैं कि शो की वापसी लगभग तय है।
रद्द होने की खबरों की सच्चाई क्या है?
पहले ऐसी अटकलें थीं कि प्रोडक्शन हाउस बनिजय एशिया और चैनल कलर्स टीवी के बीच आंतरिक मतभेदों के चलते सीजन 15 को टाल दिया गया है। यहां तक कि ये भी कहा गया कि शो अब सोनी टीवी पर शिफ्ट हो सकता है। साथ ही रोहित शेट्टी के बिज़ी शेड्यूल की वजह से भी डेट्स क्लैश करने की खबरें थीं। हालांकि, अब सूत्र बता रहे हैं कि इन विवादों को सुलझा लिया गया है और शो 2026 में लौटेगा।
कौन होंगे कंटेस्टेंट्स?
शो के संभावित कंटेस्टेंट्स की चर्चा जोरों पर है। बताया जा रहा है कि बिग बॉस 18 से कई नाम सामने आ सकते हैं, जैसे: चुम दरांग, अविनाश मिश्रा, ईशा सिंह, दिग्विजय राठी, कशिश कपूर। इनके अलावा भविका शर्मा, गौरव खन्ना, सिद्धार्थ निगम, एल्विश यादव, और गुलकी जोशी जैसे नाम भी चर्चा में हैं। शो के पिछले सीजन में करणवीर मेहरा विजेता बने थे।
क्या है शो की थीम?
‘खतरों के खिलाड़ी’ एक हाई-ऑक्टेन स्टंट रियलिटी शो है, जिसमें कंटेस्टेंट्स को अपने डर पर काबू पाते हुए खतरनाक टास्क करने होते हैं। शो की मेज़बानी लंबे समय से रोहित शेट्टी करते आ रहे हैं, जिनकी दमदार स्टाइल और स्टंट के प्रति समझ इसे और रोमांचक बनाती है।