द लोकतंत्र : अक्सर कपल्स को यह शिकायत करते सुना जाता है कि अब रिश्ते में पहले जैसी बात नहीं रही या फिर पार्टनर बदल गया है। लेकिन असल में, हम बदलते नहीं हैं, बल्कि कई बार हम अपनी जिम्मेदारियों और दैनिक व्यस्तताओं के बीच प्यार को जताने का मौका ही नहीं निकाल पाते हैं। यही वजह होती है कि गहरे इमोशन और प्यार होने के बावजूद कई बार रिश्ते टूटे की कगार पर पहुंच जाते हैं। इसलिए ही कहा जाता है कि प्यार होना सिर्फ काफी नहीं है, बल्कि इसे जताना भी उतना ही जरूरी है। कुछ आसान सी ‘लव लैंग्वेजेस’ (Love Languages) आपके रिश्ते में एक बार फिर नई जान डाल सकती हैं और खोए हुए रोमांस को वापस ला सकती हैं।
रिश्ता चाहे कितना भी पुराना हो जाए, लेकिन उसमें नयापन और रोमांस बनाए रखना पूरी तरह से आपके एफर्ट्स पर निर्भर करता है। जहां कुछ कपल्स शिकायत करते नजर आते हैं, वहीं कुछ के बीच कई साल के बाद भी वैसा ही गहरा प्यार दिखता है, क्योंकि इस भावनात्मक बंधन को मजबूत बनाए रखने के लिए छोटे-छोटे लव जेस्चर भी काफी होते हैं।
तो चलिए जानते हैं 5 ऐसी लव लैंग्वेजेस के बारे में, जिन्हें अपनाकर आप अपने रिश्ते को फिर से जीवंत कर सकते हैं:
1. टच (स्पर्श) दिखाता है मैजिकल असर
प्यार की भावना सिर्फ ‘आई लव यू’ बोलकर जाहिर नहीं की जाती है, इससे ज्यादा जरूरी है कि सामने वाला उसे महसूस करे। स्पर्श किसी भी रिश्ते में जादुई असर दिखाता है। ये दिखाता है कि आप अपने पार्टनर के पास हैं और उनसे जुड़ाव महसूस कर रहे हैं।
- स्वीट जेस्चर: आप पार्टनर को स्वीट जेस्चर महसूस करवा सकते हैं, जैसे उनकी हथेलियों को कसकर आपने हाथों में थामना, बिना किसी कारण के गले लगा लेना, या प्यार से माथे पर चूमना। ये छोटे स्वीट मोमेंट्स आपके रिश्ते के बंधन को मजबूत बनाते हैं।
2. प्यार जताने के लिए छोटा सा गिफ्ट
यह जरूरी नहीं है कि आप अपने पार्टनर के लिए महंगे तोहफे ही खरीदें। तोहफा देने का विचार ही एक लव लैंग्वेज है, जो दर्शाता है कि आप उनकी परवाह करते हैं।
- छोटे सरप्राइज: आप पार्टनर के लिए अपने हाथ से छोटा सा लव नोट लिख सकते हैं, ऑफिस से आते वक्त उनके लिए गुलाब या पसंदीदा फूल ला सकते हैं। खासकर, इंडियन महिलाओं को गजरा बेहद पसंद होता है और अगर पार्टनर खुद उनके बालों में प्यार से लगाए, तो वे इन भावनाओं से भर जाती हैं।
3. अपने एक्शन से दिखाएं प्यार (Acts of Service)
पार्टनर के काम का बोझ कम करना भी एक शक्तिशाली लव लैंग्वेज ही है, जिसे एक्ट्स ऑफ सर्विस कहते हैं। यह दर्शाता है कि आप उनके जीवन को आसान बनाने के लिए इच्छुक हैं।
- हाथ बंटाना: पार्टनर के साथ रसोई में सब्जियों की चॉपिंग कर देना, घर की सफाई में हाथ बंटाना, या अगर आप अकेले रहते हैं तो सुबह ब्रेकफास्ट की जिम्मेदारी ले लेना— ये छोटे-छोटे एक्शन रिश्ते की नींव को मजबूत बनाते हैं, क्योंकि ये जिम्मेदारी को साझा करते हैं।
4. नजरों से जताएं प्यार (Quality Time and Gaze)
लव लैंग्वेज की बात करें तो आपको इशारों को समझने और समझाने में एक्सपर्ट होना ही चाहिए। नजरों से फ्लर्ट करने से लेकर एक वार्म जेस्चर तक, यह सब जुड़ाव महसूस करवाता है।
- कनेक्शन: बात करते वक्त आंखों में आंखें डालकर देखना, चेहरे के भाव को सॉफ्ट रखना और मुस्कुराना, या फिर बिना कुछ कहे एकटक निहारना— ये सभी तरीके आपके प्यार भरे और जुड़े हुए अंदाज को दिखाते हैं।
5. नोक-झोंक है जरूरी, पर हद में
रिश्ते में हल्की-फुल्की नोक-झोंक और छेड़छाड़ (Playful Banter) प्यार और नयापन बनाए रखने के लिए जरूरी होती है, लेकिन इस दौरान शिष्टाचार की एक लाइन होनी चाहिए।
सीमाएं: अगर ये नोक-झोंक मर्यादा पार कर जाए, तो इसे झगड़े में बदलते देर नहीं लगती है। खासतौर पर दूसरों के सामने कभी भी इस तरह की नकारात्मक बहस या व्यवहार नहीं करना चाहिए, जो आपके पार्टनर को असहज महसूस कराए। नोक-झोंक हमेशा प्यार और मस्ती से भरी होनी चाहिए।

