Advertisement Carousel
Chhattisgarh News

छत्तीसगढ़ के बस्तर में बदलाव की नई तस्वीर, नितिन नवीन ने जनजातीय गौरव दिवस पर कही ये बात

A new picture of change in Chhattisgarh’s Bastar; Nitin Navin shares his thoughts on Janjatiya Gaurav Diwas (Tribal Pride Day)

द लोकतंत्र/ रायपुर : कभी नक्सलवाद और हिंसा के लिए पहचाने जाने वाले बस्तर में अब खेल, शिक्षा और विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। जनजातीय गौरव दिवस पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि आदिवासी अंचलों में बदलाव की यह तस्वीर पूरे छत्तीसगढ़ की नई पहचान बन रही है। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। प्रतिकूल मौसम के कारण वह कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच सके।

हालांकि, ऑनलाइन संबोधन के जरिए उन्होंने जनजातीय समाज को गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं और आदिवासी क्षेत्रों में हो रहे बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के जनजातीय इलाकों में अब विकास, शिक्षा और खेलकूद के नए अवसर सामने आ रहे हैं। जिस बस्तर की पहचान कभी नक्सलवाद और हिंसा से जुड़ी थी, वहां अब युवा खेल के मैदानों में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं और शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।

बस्तर में खेल और शिक्षा बन रहे बदलाव का आधार

नितिन नवीन ने अपने संबोधन में कहा कि बस्तर में बंदूक की जगह खेल का मैदान और भय की जगह विश्वास तथा अवसर का माहौल बन रहा है। उनके मुताबिक, यह परिवर्तन केवल किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए नई संभावनाओं का संकेत है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की ओर से जनजातीय क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने बस्तर ओलंपिक को इस बदलाव का प्रमुख उदाहरण बताया। उनके अनुसार, वर्ष 2024 में आयोजित बस्तर ओलंपिक में डेढ़ लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया था। वहीं, वर्ष 2025 में प्रतिभागियों की संख्या बढ़कर करीब चार लाख हो गई। उन्होंने कहा कि बढ़ती भागीदारी यह दर्शाती है कि बस्तर के युवा खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा को आगे लाने के लिए उत्साहित हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में भी जनजातीय विद्यार्थियों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने प्रदेश के 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की भूमिका रेखांकित की। उनके अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2025-26 में इन विद्यालयों के 408 विद्यार्थियों ने जेईई समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की, जिनमें 346 विद्यार्थी जेईई मेन्स में सफल रहे। उन्होंने इसे आदिवासी विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन मिलने से पैदा हो रहे अवसरों का उदाहरण बताया।

बिरसा मुंडा सहित जनजातीय नायकों के योगदान को किया याद

जनजातीय गौरव दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लेकर आदिवासी समाज के नायकों के संघर्ष और बलिदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाया है। उन्होंने बिरसा मुंडा को जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान और अधिकारों के संघर्ष का प्रतीक बताते हुए उनके योगदान को नमन किया।

उन्होंने छत्तीसगढ़ के वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और शहीद गेंद सिंह जैसे जननायकों का भी स्मरण किया। नितिन नवीन ने कहा कि इन वीरों का संघर्ष और बलिदान देश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जनजातीय गौरव दिवस ऐसे नायकों के योगदान को याद करने और नई पीढ़ी तक उनके विचारों को पहुंचाने का अवसर है।

जनजातीय गौरव दिवस पर जननायकों के शौर्य और बलिदान को नमन

धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस-2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय समाज की ऐतिहासिक विरासत और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास जनजातीय वीरों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान की गौरवगाथाओं से समृद्ध रहा है। जनजातीय गौरव दिवस ऐसे महान नायकों के योगदान को सम्मान देने और उनकी गौरवशाली परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

मुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की वर्चुअल उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम को जनजातीय समाज की समृद्ध विरासत, सांस्कृतिक पहचान और महान जननायकों के योगदान को नमन करने वाला आयोजन बताया।

पीएम मोदी के मार्गदर्शन में जनजातीय समाज के सम्मान और विकास पर जोर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों और सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य जनजातीय समुदाय को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ उनकी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को भी संरक्षित रखना है।

उन्होंने कहा कि महान जनजातीय नायकों के आदर्शों पर चलते हुए उनकी गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और विरासत को सहेजने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही जनजातीय समाज के बच्चों, युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग तैयार करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज की ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक धरोहर को छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण विरासत बताते हुए इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

यह भी पढ़ें – गठबंधन की बैसाखी पर Rahul Gandhi का शक्ति प्रदर्शन! रामलीला मैदान की रैली ने खोली कांग्रेस की संगठनात्मक कमजोरी

Team The Loktantra

Team The Loktantra

About Author

लोकतंत्र की मूल भावना के अनुरूप यह ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां स्वतंत्र विचारों की प्रधानता होगी। द लोकतंत्र के लिए 'पत्रकारिता' शब्द का मतलब बिलकुल अलग है। हम इसे 'प्रोफेशन' के तौर पर नहीं देखते बल्कि हमारे लिए यह समाज के प्रति जिम्मेदारी और जवाबदेही से पूर्ण एक 'आंदोलन' है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like

ED alleges in Mahadev betting app case, Chhattisgarh CM got Rs 508 crore
Chhattisgarh News Politics

महादेव बेटिंग ऐप मामले में ED का आरोप, छत्तीसगढ़ सीएम को मिले 508 करोड़

द लोकतंत्र : प्रवर्तन निदेशालय ( ED) ने महादेव बेटिंग ऐप मामले में एक बड़ा दावा किया है। ईडी ने
(Chhattisgarh Encounter)
Chhattisgarh News Local News News

छत्तीसगढ़: मुठभेड़ में इनामी जयराम समेत 16 नक्सली ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद

द लोकतंत्र: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच 36 घंटे से अधिक समय तक चली मुठभेड़ में