द लोकतंत्र/ मुंबई : मुंबई के पवई में गुरुवार को एक बड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया, जहाँ वेब सीरीज़ ऑडिशन के बहाने 17 बच्चों को RA स्टूडियो में बंधक बना लिया गया। आरोपी की पहचान रोहित आर्या के रूप में हुई, जिसने बच्चों को कई दिनों से कास्टिंग का भरोसा देकर बुलाया था। घटना के समय दो अभिभावक भी स्टूडियो में मौजूद थे।
जानकारी मिलते ही मौके पर भारी पुलिस फोर्स, ATS और फायर ब्रिगेड तैनात की गई। बताया जाता है कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो कर कहा कि वह पैसे नहीं मांग रहा, बल्कि कुछ सवाल पूछना चाहता है, और धमकी दी कि अगर उसकी बात नहीं मानी गई तो वह आग लगा देगा।
पुलिस कार्रवाई में आरोपी की मौत
पुलिस ने रणनीति बनाकर बिल्डिंग के बाथरूम वाले हिस्से से अंदर घुसकर ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की और पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में एक राउंड गोली चलाई। आरोपी गंभीर रूप से घायल हुआ और अस्पताल ले जाने के बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, स्टूडियो से एयरगन और कुछ संदिग्ध केमिकल बरामद किए गए हैं। सभी बच्चे सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए और उनके परिजनों के हवाले कर दिए गए।
प्रारंभिक छानबीन में पता चला कि रोहित आर्या सोशल मीडिया पर सक्रिय था और ‘ऑडिशन’ के नाम पर बच्चों को बुलाता था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या वह मानसिक रूप से अस्थिर था, क्योंकि उसके सोशल मीडिया वीडियो में व्यवहार संदिग्ध दिखाई देता है।
फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। यह घटना मुंबई जैसे महानगर में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है, जहाँ ऑनलाइन कास्टिंग और टैलेंट ऑडिशन के नाम पर बच्चों और अभिभावकों को निशाना बनाया जा रहा है।

