द लोकतंत्र : ओडिशा के बरहामपुर में सोमवार 6 मई को आयोजित एक रैली में पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की सरकार जाने का दावा किया। पीएम ने कहा कि, चुनाव के बाद बीजेपी यहां डबल इंजन की सरकार बनाएगी। बीजेडी सरकार के एक्सपाइरी की तारीख 4 जून, 2024 है। वहीं, सीएम पटनायक ने कहा कि बीजेपी बहुत दिनों से सपना देख रही है।
ओडिशा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि ओडिशा को एक ऐसे मुख्यमंत्री की जरूरत है जो उड़िया भाषा और संस्कृति को समझता हो। ओडिया भाषा पर पटनायक की कमजोर पकड़ का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि एक व्यक्ति, जो ओडिया संस्कृति और परंपरा में रहता है, समझता है और उस पर गर्व करता है, वह ओडिशा की समस्याओं को तेज गति से हल करने में मदद कर सकता है।
यह भी पढ़ें : पूर्व कांग्रेसी आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा – PM मोदी के साथ जो नहीं खड़ा वो देशद्रोही है
पीएम ने आगे कहा कि, आपने कांग्रेस को 50 साल और बीजद को 25 साल दिए हैं। बस बीजेपी को पांच साल दीजिए। हम ओडिशा को देश का नंबर एक राज्य बना देंगे। पीएम मोदी ने आगे कहा कि मैं यहां आपको 10 जून को बीजेपी के सीएम के शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित करने आया हूं। उसी दिन, हम आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना लागू करेंगे, जिसका नवीन पटनायक सरकार विरोध कर रही है। पीएम मोदी ने आगे कहा, भगवान जगन्नाथ इस योजना के तहत सभी वरिष्ठ नागरिकों का ख्याल रखेंगे।
सीएम नवीन बोले – बहुत दिनों से देख रहे सपना
वहीं, नवीन पटनायक के करीबी और बीजेडी के नेता वीके पांडियन ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें पांडियन नवीन पटनायक से पूछते हैं कि बीजेपी बोल रही है कि वो उड़ीसा में सरकार बनाएंगी। इस पर उड़ीसा के सीएम नवीन पटनायक ने हंसते हुए कहा कि बीजेपी बहुत दिनों से दिन में सपना देख रही है।

