द लोकतंत्र/ रायपुर : छत्तीसगढ़ ने राज्य के रूप में अपने 26 साल पूरे कर लिए हैं। स्थापना दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने भी राज्य के लोगों को बधाई देते हुए एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया और कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच से छत्तीसगढ़ राज्य का सपना साकार हुआ था। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
छत्तीसगढ़ 1 नवंबर 2000 को अलग राज्य बना था। आज राज्य अपनी स्थापना के 26 साल पूरे कर चुका है। इस खास मौके पर पूरे प्रदेश में राज्य स्थापना दिवस और राजोत्सव को लेकर उत्साह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ के लोगों को बधाई दी। वहीं, मुख्यमंत्री ने भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य के विकास और भविष्य को लेकर अपना संदेश साझा किया।
CM साय ने अटल बिहारी वाजपेयी को किया याद
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वीडियो संदेश की शुरुआत ‘जय जोहार’ और ‘छत्तीसगढ़ महतारी की जय’ के साथ की। उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना के 26 साल पूरे कर रहा है। इस खास मौके पर वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हैं, जिनके नेतृत्व और संकल्प से अलग छत्तीसगढ़ राज्य का सपना पूरा हुआ। सीएम साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ को अलग पहचान दी और यहां के लोगों की उम्मीदों को नई दिशा मिली। उनकी सरकार अटल जी के समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है।
लाल आतंक से मुक्ति को बताया बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने इस साल के राजोत्सव को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह पहला राजोत्सव है, जब छत्तीसगढ़ लाल आतंक से मुक्त होकर शांति, विश्वास और विकास के नए दौर में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प और राज्य सरकार के प्रयासों को दिया। साथ ही उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में सुरक्षा बलों के जवानों के साहस और बलिदान को भी याद किया। सीएम साय ने कहा कि प्रदेश में शांति और विकास का माहौल बनाने में जवानों की भूमिका हमेशा याद रखी जाएगी।
2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर गांव को खुशहाल बनाना है। युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर देना और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे सभी मिलकर वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को समृद्ध, मजबूत और विकसित राज्य बनाने में योगदान दें।
PM मोदी ने भी दी स्थापना दिवस की बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर छत्तीसगढ़ के लोगों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रदेश की जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और लोक परंपराओं की तारीफ की। प्रधानमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पुरातात्विक धरोहर और लोक संस्कृति उसकी अलग पहचान हैं। यहां की संस्कृति और लोगों का अपनापन हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करता है।
पीएम मोदी ने नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य अब विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़ के मेहनती और प्रतिभाशाली लोग देश की तरक्की में महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।
पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ की विरासत और विकास यात्रा का किया उल्लेख
छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से लिखे गए पत्र के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका आभार जताया है। सीएम साय ने प्रधानमंत्री के पत्र को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए तीन करोड़ प्रदेशवासियों की ओर से धन्यवाद दिया।
सीएम साय ने पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक और जनजातीय विरासत, बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता और प्रदेश की विकास यात्रा का आत्मीयता से उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की माटी और यहां के जनजीवन से प्रधानमंत्री का जुड़ाव प्रदेश के प्रति उनके विशेष स्नेह को दर्शाता है।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री का छत्तीसगढ़ के प्रति स्नेह, विश्वास और सहयोग प्रदेश सरकार को नई ऊर्जा देता है। उन्होंने भरोसा जताया कि ‘विकसित भारत @ 2047’ के संकल्प के अनुरूप विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम करती रहेगी। साथ ही विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।



