द लोकतंत्र : चॉकलेट का नाम सुनते ही बच्चों से लेकर बड़ों तक के मुंह में पानी आ जाता है। लेकिन जब भी हम फिटनेस या हेल्थ की बात करते हैं, तो सबसे पहले चॉकलेट को ही ‘विलेन’ मानकर अपनी डाइट से बाहर कर देते हैं। पर क्या वाकई सारी चॉकलेट अनहेल्दी होती हैं?
सोशल मीडिया पर इन दिनों हार्वर्ड के ट्रेंड डॉक्टर सौरभ सेठी का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्होंने 7 अलग-अलग तरह की चॉकलेट के फायदे और नुकसान के बारे में बताया है। उन्होंने सेहत के आधार पर इन चॉकलेट्स को 10 में से नंबर भी दिए हैं। आइए जानते हैं आपकी पसंदीदा चॉकलेट इस लिस्ट में कहाँ खड़ी है।
1. नट्स से कवर डार्क चॉकलेट (रेटिंग: 10/10)
डॉक्टर सेठी के मुताबिक, यह सबसे हेल्दी ऑप्शन है। इसमें डार्क चॉकलेट के साथ बादाम या अखरोट जैसे नट्स होते हैं, जो इसे प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट्स का पावरहाउस बना देते हैं। इसे उन्होंने फुल मार्क्स दिए हैं।
2. डार्क चॉकलेट (रेटिंग: 9/10)
अगर आप सादी डार्क चॉकलेट खाते हैं, तो यह भी बहुत फायदेमंद है। इसमें ‘फ्लेवोनोइड्स’ भरपूर होते हैं जो दिल और दिमाग की सेहत के लिए अच्छे हैं। इसमें शुगर कम होती है, इसलिए डॉक्टर ने इसे 9 नंबर दिए हैं।
3. मिल्क चॉकलेट (रेटिंग: कम)
ज्यादातर लोग इसे ही पसंद करते हैं, लेकिन डॉक्टर सेठी का कहना है कि इसमें शुगर बहुत ज्यादा और एंटीऑक्सीडेंट्स बहुत कम होते हैं। इसे आप कभी-कभी स्वाद के लिए खा सकते हैं, पर रोज खाना नुकसानदेह है।
4. नट्स वाली मिल्क चॉकलेट
अगर आपको लगता है कि मिल्क चॉकलेट में नट्स होने से वह हेल्दी हो गई, तो आप गलत हैं। इसमें शुगर की मात्रा उतनी ही हाई रहती है। इसलिए यह भी एक औसत दर्जे का ही ऑप्शन है।
5. व्हाइट चॉकलेट: सिर्फ नाम की चॉकलेट?
डॉक्टर सेठी कहते हैं कि व्हाइट चॉकलेट को तो असल में चॉकलेट कहना ही गलत है। इसमें सिर्फ कोकोआ बटर और चीनी होती है। इसमें कोई एंटीऑक्सीडेंट नहीं होता, इसलिए यह सेहत के लिए बिल्कुल भी अच्छी नहीं है।
6. नट्स वाली व्हाइट चॉकलेट
नट्स होने के बावजूद व्हाइट चॉकलेट एक खराब ऑप्शन ही बनी रहती है क्योंकि इसमें कोकोआ के वो गुण (फ्लेवोनोइड्स) नहीं होते जो शरीर को चाहिए।
7. अल्ट्रा प्रोसेस्ड चॉकलेट (सबसे खराब)
यह चॉकलेट की सबसे घटिया वैरायटी है। इसमें हाई शुगर, घटिया रिफाइंड तेल और कई तरह के केमिकल्स होते हैं। यह आपके पेट की सेहत (Gut Health) और मेटाबॉलिज्म को पूरी तरह बिगाड़ सकती है।
अगली बार जब आप स्टोर पर चॉकलेट खरीदने जाएं, तो डार्क चॉकलेट या नट्स वाली डार्क चॉकलेट ही चुनें। सही चुनाव से आप स्वाद का मजा भी ले पाएंगे और अपनी सेहत को भी नुकसान नहीं पहुँचाएंगे।

