द लोकतंत्र/लखनऊ: उत्तर प्रदेश में होने वाले Rajya Sabha Electionको लेकर समाजवादी पार्टी ने अपने दो उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने राष्ट्रीय महासचिव और मौजूदा राज्यसभा सदस्य प्रो. राम गोपाल यादव के साथ उद्योग जगत से जुड़े धनराज परिमल नथवानी को उम्मीदवार बनाया है। दोनों प्रत्याशी बुधवार, 30 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भी मौजूद रहने की जानकारी सामने आई है।
समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए दोनों उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की। राम गोपाल यादव सपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं और राज्यसभा में पार्टी का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। वहीं धनराज परिमल नथवानी को पार्टी ने उद्योग जगत से आने वाले चेहरे के तौर पर मैदान में उतारा है।
कौन हैं धनराज परिमल नथवानी?
धनराज परिमल नथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) से जुड़े कॉर्पोरेट लीडर हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, वह रिलायंस इंडस्ट्रीज में ग्रुप प्रेसिडेंट के पद पर हैं। वह वरिष्ठ राज्यसभा सांसद और रिलायंस से जुड़े कारोबारी परिमल नथवानी के बेटे हैं। धनराज नथवानी का सामाजिक और खेल गतिविधियों से भी जुड़ाव रहा है। रिपोर्टों के अनुसार, वह द्वारकाधीश मंदिर प्रशासनिक समिति के उपाध्यक्ष, गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारी और जामनगर फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने लंदन के Regent Business School से पढ़ाई की है। रिलायंस समूह से जुड़े होने के कारण उनका कॉर्पोरेट क्षेत्र में लंबा अनुभव रहा है।
अंबानी परिवार से जुड़ी पोस्ट के बाद आए थे चर्चा में
धनराज नथवानी वर्ष 2024 में उस समय भी चर्चा में आए थे, जब उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए आकाश अंबानी और श्लोका अंबानी के घर बेटी के जन्म की जानकारी साझा करते हुए उन्हें बधाई दी थी। इससे पहले वर्ष 2020 में आकाश अंबानी के बेटे के जन्म की जानकारी उनके पिता परिमल नथवानी ने सोशल मीडिया पर साझा की थी।
UP Rajya Sabha Election में सपा तीसरा उम्मीदवार भी उतार सकती है
दो उम्मीदवारों की घोषणा के बाद अब सपा की संभावित तीसरी उम्मीदवारी को लेकर भी चर्चा जारी है। पार्टी पहले ही यूपी की Rajya Sabha Electionमें तीसरी सीट के लिए उम्मीदवार उतारने की रणनीति के संकेत दे चुकी है। हालांकि, तीसरे उम्मीदवार के नाम पर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
इससे पहले संभावित उम्मीदवारों के तौर पर पूर्व आईएएस अधिकारी आलोक रंजन और सलीम इकबाल शेरवानी के नाम भी मीडिया रिपोर्टों में सामने आए थे। हालांकि, अब तक पार्टी ने इन नामों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
16 अक्टूबर को होगी वोटिंग
उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होना है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। चुनाव की स्थिति बनने पर 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया 19 अक्टूबर तक पूरी होनी है।
UP Rajya Sabha Election में सपा की ओर से राम गोपाल यादव और धनराज नथवानी के नाम सामने आने के बाद अब निगाहें पार्टी के संभावित तीसरे उम्मीदवार पर टिकी हैं।
यह भी पढ़े-



