द लोकतंत्र/ नई दिल्ली डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर इजरायल (PM Modi Israel Visit 2026) पहुंच गए हैं। तेल अवीव एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू ने स्वयं एयरपोर्ट पर पहुंचकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और नेतन्याहू ने प्रोटोकॉल से हटकर उन्हें गले लगाकर स्वागत किया, जिसे दोनों देशों की गहरी दोस्ती का प्रतीक माना जा रहा है।
यह प्रधानमंत्री मोदी की इजरायल की दूसरी यात्रा है। इससे पहले वे जुलाई 2017 में ऐतिहासिक दौरे पर इजरायल गए थे। करीब नौ साल बाद हो रही यह यात्रा कूटनीतिक दृष्टि से अहम मानी जा रही है, खासकर ऐसे समय में जब पश्चिम एशिया क्षेत्र में भू-राजनीतिक परिस्थितियां संवेदनशील बनी हुई हैं।
‘भारत-इजरायल मित्रता’ और मजबूत होगी, पीएम मोदी और नेतन्याहू के संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने इजरायल पहुंचने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू और उनकी पत्नी द्वारा एयरपोर्ट पर स्वागत से वे सम्मानित महसूस कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि द्विपक्षीय वार्ताएं सार्थक परिणाम देंगी।
उनके संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए नेतन्याहू ने भी एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी का इजरायल में स्वागत करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने हिंदी में ‘आपका स्वागत है’ लिखकर दोनों देशों के संबंधों की गर्मजोशी को रेखांकित किया। इस दौरे के दौरान 26 फरवरी को उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल वार्ता निर्धारित है। प्रधानमंत्री मोदी इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग से भी मुलाकात करेंगे। रक्षा, सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, कृषि और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने पर चर्चा होने की संभावना है।
विशेषज्ञों के अनुसार, पीएम मोदी की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब मध्य पूर्व क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। गाजा में संघर्ष के बाद भी हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं। ऐसे में भारत-इजरायल रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने की संभावना जताई जा रही है। दोनों देशों के बीच पिछले वर्षों में रक्षा, कृषि तकनीक, साइबर सुरक्षा और स्टार्टअप सहयोग में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। यह दौरा इन संबंधों को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

