द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : Israel-Iran War 2026 मध्य पूर्व में Israel और Iran के बीच तनाव अब खुले सैन्य टकराव में बदल चुका है। हालिया घटनाक्रम में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के कई ठिकानों पर संयुक्त हमले किए जाने की खबरों के बीच जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी प्रमुख Mehbooba Mufti ने ईरान के समर्थन में प्रतिक्रिया दी है।
महबूबा मुफ्ती ने सोशल मीडिया पर ईरान और वहां के नागरिकों की सुरक्षा और सलामती के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि ईरान लंबे समय से मुस्लिम जगत की एक सशक्त आवाज रहा है और उसकी शक्ति उसकी अटूट आस्था और दृढ़ विश्वास में निहित है। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी मिसाइल या संकट किसी राष्ट्र की संप्रभुता और मनोबल को खत्म नहीं कर सकता। उन्होंने अपने संदेश में ईरान के सर्वोच्च नेता Ali Khamenei के लिए भी शक्ति और मार्गदर्शन की कामना की। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई और कूटनीतिक तनाव लगातार बढ़ रहे हैं।
भारत की एडवाइजरी: इजरायल में रह रहे नागरिक रहें सतर्क
इधर, हालात को देखते हुए भारत सरकार ने इजरायल में रह रहे अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा सलाह जारी की है। Embassy of India, Tel Aviv की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी भारतीय नागरिक अत्यधिक सतर्कता बरतें।
एडवाइजरी के अनुसार, नागरिक इजरायली अधिकारियों और होम फ्रंट कमांड द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करें। सुरक्षित शेल्टर की पहचान पहले से कर लें और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत वहां पहुंचने की तैयारी रखें। गैर-जरूरी यात्राओं से बचने और स्थानीय मीडिया व आधिकारिक घोषणाओं पर लगातार नजर बनाए रखने की भी सलाह दी गई है।
भारतीय दूतावास ने विशेष रूप से यह भी कहा है कि नागरिक अपने निवास या कार्यस्थल के निकटतम सुरक्षित स्थानों की जानकारी रखें और आपातकालीन अलर्ट सिस्टम से जुड़े रहें।
मध्य पूर्व में बढ़ते इस संघर्ष का असर क्षेत्रीय और वैश्विक राजनीति पर पड़ सकता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर कूटनीतिक प्रयासों पर टिकी है, ताकि तनाव को और बढ़ने से रोका जा सके। फिलहाल, भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एहतियाती कदम उठाए हैं।

