द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने ओबीसी कांग्रेस के सात राज्यों के करीब 300 जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की। इस बैठक में उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड जैसे चुनावी राज्यों के अलावा दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा के ओबीसी कांग्रेस जिला अध्यक्ष भी शामिल हुए। ओबीसी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जय हिंद भी बैठक में मौजूद रहे।
बैठक में जातिगत जनगणना और ओबीसी आरक्षण व अधिकारों को लेकर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी ने जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम नहीं होने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी जातिगत जनगणना को लेकर गंभीर नहीं है और इसी वजह से जनगणना में ओबीसी कॉलम को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
राहुल गांधी ने बैठक में ओबीसी नेताओं से इस मुद्दे को जमीनी स्तर पर ले जाने और जनता के बीच लगातार उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ओबीसी समाज के अधिकारों से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाने के लिए आंदोलन करना होगा। सूत्रों के अनुसार राहुल ने कहा कि उन्हें जल्दबाजी नहीं है और पार्टी इस मुद्दे को लगातार आगे बढ़ाएगी।
Rahul Gandhi का PM मोदी पर हमला, बोले- जातिगत जनगणना का मुद्दा जनता तक ले जाएं
बैठक के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने 15 अगस्त के प्रधानमंत्री के भाषण का जिक्र करते हुए दावा किया कि पीएम मोदी इस दौरान दबाव में नजर आए। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के पास अब गिनती के दिन बचे हैं और उनका जाना तय है। राहुल गांधी ने ओबीसी कांग्रेस के जिला अध्यक्षों से कहा कि जातिगत जनगणना के मुद्दे को केवल बैठकों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे जनता के बीच ले जाया जाए। उन्होंने नेताओं से सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने और ओबीसी समाज के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
बैठक में छात्रों के आंदोलन का मुद्दा भी उठा। सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों के आंदोलन के बीच जातिगत जनगणना का मुद्दा भी उठाया जा रहा है, ताकि युवा और आम लोग अपने अधिकारों को लेकर आवाज उठा सकें। उन्होंने ओबीसी नेताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जनता कांग्रेस की ताकत है और पार्टी को जमीनी स्तर पर लगातार सक्रिय रहना होगा।
सात राज्यों के 300 जिला अध्यक्षों को मिला जमीनी अभियान का संदेश
बैठक के बाद ओबीसी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जय हिंद ने इसे बेहद महत्वपूर्ण और सार्थक बैठक बताया। उन्होंने कहा कि जनगणना 2027 में ओबीसी कॉलम नहीं होने के मुद्दे पर बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। अनिल जय हिंद के मुताबिक, सात राज्यों के करीब 300 जिला अध्यक्षों ने राहुल गांधी के सामने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और ओबीसी समाज से जुड़े मुद्दे रखे। राहुल गांधी ने सभी जिला अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों के बीच इन मुद्दों को उठाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय के मुद्दे को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। पार्टी का रुख है कि समाज के सभी वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में भागीदारी मिलनी चाहिए। ऐसे में राहुल गांधी की ओबीसी नेताओं के साथ यह बैठक आने वाले चुनावों से पहले कांग्रेस के सामाजिक न्याय और जातिगत जनगणना के अभियान को धार देने की रणनीति के तौर पर देखी जा रही है।




