द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने शनिवार (29 अगस्त) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में इस समय दो अलग-अलग विचारधाराओं के बीच लड़ाई चल रही है। राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के उत्तराखंड के हल्द्वानी दौरे के दौरान कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना का मुद्दा उठाते हुए दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में खरगे के दौरे के बाद ‘शुद्धिकरण’ की रस्म निभाई गई और यह बीजेपी-आरएसएस से जुड़े लोगों की ओर से किया गया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के दौरे के बाद इस तरह की रस्म करना अपमानजनक होने के साथ-साथ कानूनन अपराध भी है। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि 10 अगस्त को कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना हुई और 13 अगस्त को मल्लिकार्जुन खरगे ने संसद में अपने अपमान का मुद्दा उठाया। राहुल गांधी ने सवाल किया कि अब तक इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जल्द FIR दर्ज की जाए।
Rahul Gandhi बोले- यह सिर्फ खरगे नहीं, हर दलित का मुद्दा
राहुल गांधी ने कहा कि यह मामला केवल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के हर दलित व्यक्ति से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि राष्ट्रीय स्तर के नेता के साथ खुले तौर पर ऐसा व्यवहार किया जा सकता है तो आम दलितों और खासकर स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के साथ होने वाले भेदभाव की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने केंद्र और उत्तराखंड सरकार से मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि खरगे को न्याय मिलना चाहिए। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना को लेकर SC/ST Act के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। राहुल गांधी ने अपने बयान में दलितों के साथ भेदभाव का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि आज भी कुछ जगहों पर दलित बच्चों से स्कूलों में झाड़ू लगवाने और शौचालय साफ करवाने जैसी घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक असमानता के खिलाफ लड़ाई जारी रखना जरूरी है।
कांग्रेस नेता ने देश की राजनीतिक लड़ाई को दो विचारधाराओं के बीच की लड़ाई बताते हुए एक तरफ महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर और सरदार वल्लभभाई पटेल की विचारधारा और दूसरी तरफ BJP-RSS की विचारधारा का जिक्र किया। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि दलित समुदाय के लोग जैसे-जैसे आगे बढ़ते हैं, उनके खिलाफ चुनौतियां और हमले भी बढ़ते हैं।




