द लोकतंत्र/ ऑटो न्यूज़ : BMW ने भारतीय बाजार में अपनी प्रीमियम लग्जरी सेडान BMW 7 Series Facelift को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.95 करोड़ रुपये रखी है। इसके साथ ही BMW ने इस सेडान का इलेक्ट्रिक वर्जन i7 भी भारतीय बाजार में पेश किया है, जिसकी शुरुआती कीमत भी 1.95 करोड़ रुपये है।
नई BMW 7 सीरीज फेसलिफ्ट में डिजाइन, इंटीरियर, टेक्नोलॉजी और कम्फर्ट के स्तर पर कई बड़े अपडेट किए गए हैं। कंपनी ने इसे पहले से ज्यादा आधुनिक, प्रीमियम और रॉयल लुक देने की कोशिश की है। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को BMW ने अपना ब्रांड एम्बेसडर बनाया है और उन्होंने ही दोनों कारों को लॉन्च किया।
BMW 7 Series Facelift का डिजाइन और इंटीरियर
BMW 7 सीरीज फेसलिफ्ट के एक्सटीरियर में सबसे ज्यादा बदलाव इसके फ्रंट हिस्से में देखने को मिलते हैं। कार में अपडेटेड स्प्लिट हेडलाइट्स दी गई हैं। इसके अलावा फ्रंट ग्रिल को भी नए डिजाइन में पेश किया गया है। अब ग्रिल पहले की तुलना में ज्यादा स्क्वायर नजर आती है और इसमें हॉरिजॉन्टल स्लैट्स दिए गए हैं।
कार के चारों ओर इल्यूमिनेटेड सराउंड भी दिया गया है, जो रात के समय इसके लुक को और आकर्षक बनाता है। कंपनी ने इस सेडान के इंटीरियर को भी काफी हद तक अपडेट किया है। इसका केबिन अब BMW के ‘Neue Klasse’ डिजाइन से प्रेरित नजर आता है। नई 7 सीरीज में डैशबोर्ड पर बड़ा 17.9 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। इसके साथ ही फ्रंट पैसेंजर के लिए 14.6 इंच की अलग स्क्रीन मिलती है। कार में पिलर-टू-पिलर विजन डिस्प्ले और नया टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील भी शामिल किया गया है।
रियर सीट पर बैठने वाले यात्रियों के आराम का भी खास ध्यान रखा गया है। इसमें काफ सपोर्ट दिया गया है, जबकि छत पर लगी 31.3 इंच की 8K स्क्रीन पीछे के हिस्से को लग्जरी लाउंज जैसा अनुभव देती है।
फीचर्स और पावरट्रेन
BMW 7 सीरीज फेसलिफ्ट में प्रीमियम फीचर्स की लंबी सूची दी गई है। इसमें Bowers & Wilkins का 35-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, पावर्ड गेट्स और पैनोरमिक ग्लास रूफ जैसे फीचर्स शामिल हैं। इसके अलावा कार में हीटेड, वेंटिलेटेड और मसाज फंक्शन वाली सीटें भी मिलती हैं। इंजन की बात करें तो BMW 7 सीरीज फेसलिफ्ट में माइल्ड-हाइब्रिड तकनीक के साथ 3.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह पावरट्रेन लग्जरी के साथ दमदार प्रदर्शन देने के लिए तैयार किया गया है।
वहीं, BMW i7 के इलेक्ट्रिक वर्जन को eDrive 50 पावरट्रेन के साथ लॉन्च किया गया है। यह इलेक्ट्रिक सेडान करीब 450 बीएचपी की पावर और 600 न्यूटन मीटर का टॉर्क जनरेट करती है। इसमें 112.5 kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी के अनुसार, BMW i7 एक बार फुल चार्ज होने पर 728 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम है। इस तरह नई 7 सीरीज फेसलिफ्ट और i7 भारतीय लग्जरी कार बाजार में Mercedes-Benz S-Class, Audi A8 और अन्य प्रीमियम इलेक्ट्रिक सेडान को टक्कर देंगी।




