द लोकतंत्र/प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के Prayagraj में मंगलवार शाम सपा जिला सचिव और पूर्व ग्राम प्रधान पवन कुमार यादव (50) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हंडिया थाना क्षेत्र के कर्मनाशा मोहल्ले में बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने पवन को उस वक्त निशाना बनाया, जब वह कैफे से निकलकर अपनी कार के पास पहुंचे थे। वारदात हंडिया थाने से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई। गोली पवन की पीठ में लगी।
गंभीर हालत में उन्हें स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद तीनों आरोपी बाइक से वाराणसी की ओर फरार हो गए। सरेराह हुई हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई।
कैफे से निकलते ही बदमाशों ने मारी गोली
पुलिस के मुताबिक, Prayagraj के हंडिया थाना क्षेत्र के मुगरांव गांव निवासी सपा जिला सचिव पवन कुमार यादव मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे अपनी कार से हंडिया कस्बे पहुंचे थे। उन्होंने कर्मनाशा मोहल्ले में सड़क किनारे कार खड़ी की और पास के एक कैफे में दोस्तों के साथ बातचीत करने चले गए। करीब दो घंटे बाद शाम 5:20 बजे वह कैफे से बाहर निकले। जैसे ही वह अपनी कार के पास पहुंचे और उसमें बैठने लगे, प्रयागराज की ओर से बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। बाइक की रफ्तार धीमी करते हुए पीछे बैठे बदमाश ने पवन को बेहद करीब से गोली मार दी। गोली उनकी पीठ में लगी और वह सड़क पर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पवन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
सपा के जिला सचिव थे पवन यादव
सपा जिला सचिव पवन कुमार यादव मुगरांव गांव के निवासी थे और पूर्व में ग्राम प्रधान रह चुके थे। उनकी मां धनराजी देवी भी गांव की पूर्व प्रधान रही हैं। पवन वर्तमान में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव थे। उनके परिवार में पत्नी नीतू देवी, तीन बेटियां खुशी, मुस्कान और छोटी तथा बेटा प्रिंस हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मोबाइल और CCTV फुटेज से जांच में जुटी पुलिस
हत्या के बाद पुलिस ने पवन यादव का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कॉल डिटेल, मैसेज और अन्य जानकारियों के जरिए पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात से पहले उनकी किन लोगों से बातचीत हुई थी। इसके साथ ही पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार हमलावरों की पहचान की जा सके।
पुराने विवाद के एंगल पर भी जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में पवन यादव की हत्या के पीछे पुराने विवाद का एंगल भी सामने आया है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस परिजनों और करीबियों से पूछताछ कर विवाद से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और पुलिस जल्द उनको गिरफ्तार कर लेगी।




