द लोकतंत्र / बिहार न्यूज़ : बिहार में जारी Bihar Floods के बीच केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। दोनों नेताओं ने प्रभावित क्षेत्रों का हवाई और जमीनी सर्वे किया और लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। केंद्र की ओर से बिहार को हर संभव सहायता देने का भरोसा भी दिया गया।
हाजीपुर में बाढ़ और फसल नुकसान का जायजा
शिवराज सिंह चौहान ने हाजीपुर के तेरसिया और सरायपुर गांवों का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और खेतों में पहुंचकर फसल को हुए नुकसान की जानकारी ली। इस दौरान किसानों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी परेशानियां भी सुनीं।
इससे पहले चौहान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिघवारा और मनेर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने राहत और बचाव कार्यों की स्थिति की भी जानकारी ली।
करीब 50 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित
बिहार में बाढ़ की स्थिति कई इलाकों में गंभीर बनी हुई है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, राज्य के 15 जिलों में करीब 49.67 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। कई नदियों का जलस्तर कम होना शुरू हुआ है, लेकिन कुछ स्थानों पर नदियां अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए राज्य सरकार की ओर से राहत कार्य चलाए जा रहे हैं। इससे पहले सरकार ने प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की थी। राहत शिविरों में भोजन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
केंद्र और बिहार सरकार मिलकर करेंगी मदद
बाढ़ से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन करने के लिए शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में केंद्रीय अधिकारियों की टीम बिहार पहुंची है। टीम राहत और बचाव कार्यों के साथ-साथ फसल, सड़क, मकान और अन्य नुकसान की स्थिति का जायजा ले रही है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार सरकार के साथ मिलकर प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करेगी। उन्होंने नुकसान का आकलन कर उसके आधार पर सहायता उपलब्ध कराने की बात कही। इसके बाद केंद्रीय टीम मुंगेर और भागलपुर के प्रभावित इलाकों और राहत शिविरों का भी दौरा करेगी।




