द लोकतंत्र/पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव के बीच जनता दल (यूनाइटेड) के प्रत्याशी और चर्चित पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार Neeraj Kumar की अचानक तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई है। स्वास्थ्य खराब होने के बाद उन्हें पटना स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार देर शाम नीरज कुमार को सीने में तकलीफ की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। हालांकि, उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अस्पताल की ओर से विस्तृत आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन सामने आने का इंतजार है।
चुनाव से ठीक पहले बिगड़ी तबीयत
बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है। इसी बीच नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने की खबर ने चुनावी माहौल में हलचल बढ़ा दी है। Neeraj Kumar पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के उम्मीदवार हैं और चुनाव प्रचार के दौरान लगातार सक्रिय रहे हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में उनकी परेशानी को हृदय संबंधी समस्या से जोड़कर बताया गया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। नीरज कुमार की तबीयत पहले भी गंभीर रूप से खराब हो चुकी है। कुछ वर्ष पहले स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बाद उन्हें इलाज के लिए दिल्ली ले जाना पड़ा था।
अनंत सिंह से आमने-सामने है सियासी मुकाबला
नीरज कुमार का नाम इस बार सिर्फ चुनावी मैदान की वजह से ही चर्चा में नहीं है। चुनाव से पहले जदयू के ही मोकामा विधायक अनंत सिंह के साथ उनकी तीखी बयानबाजी ने मुकाबले को खासा दिलचस्प बना दिया है। अनंत सिंह इस चुनाव में जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं। वह लगातार Neeraj Kumar के खिलाफ बयान दे रहे हैं और अनुज सिंह की जीत का दावा कर रहे हैं। अनंत सिंह का कहना है कि नीरज कुमार ने कई मौकों पर उनका विरोध किया है, इसलिए वह भी चुनाव में उन्हें राजनीतिक जवाब देना चाहते हैं।
‘पुदीना सिंह’ वाले बयान पर भी हुआ था विवाद
चुनाव प्रचार के दौरान अनंत सिंह का एक बयान खासा चर्चा में रहा। उन्होंने Neeraj Kumar पर तंज कसते हुए कहा था कि, “हम तो पुदीना सिंह हैं ना, तो इस चुनाव में पुदीना से उनका सारा गैस निकाल देंगे।” अनंत सिंह ने यह भी दावा किया था कि एमएलसी चुनाव में अनुज सिंह की जीत होगी और अन्य प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो जाएगी। इसके जवाब में नीरज कुमार ने भी अनंत सिंह पर तीखा पलटवार किया था। उन्होंने कहा था कि कुछ लोग ज्यादा बोल रहे हैं और उन्हें अपने पुराने दिनों को याद रखना चाहिए। नीरज कुमार ने तंज कसते हुए कहा था कि जदयू में रहते हुए भी अनंत सिंह को बेऊर जेल जाना पड़ा था और “जब तक बेऊर जेल में चना रहेगा, आना-जाना लगा रहेगा।”
अब Neeraj Kumar की सेहत पर टिकी नजर
फिलहाल चुनावी बयानबाजी के बीच Neeraj Kumar के अस्पताल में भर्ती होने से उनके समर्थकों और राजनीतिक हलकों में चिंता बढ़ गई है। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है। सबकी नजर अब इस बात पर है कि नीरज कुमार की स्वास्थ्य स्थिति कैसी है और वह चुनावी गतिविधियों में कब तक सक्रिय हो पाते हैं। दूसरी ओर, बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक मुकाबला भी लगातार तेज होता जा रहा है।
यह भी पढ़े–
Kiren Rijiju: लंदन में कांग्रेस, PoK, ध्रुव राठी और पाकिस्तान के झंडों पर किरेन रिजिजू का बड़ा आरोप



