UPElection2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राजधानी लखनऊ में 26 नवंबर को राजनीतिक गतिविधियां तेज रहने वाली हैं। संविधान दिवस के मौके पर प्रदेश में तीन बड़े राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी अपने-अपने मुद्दों और राजनीतिक एजेंडे के साथ जनता के बीच पहुंचेंगी।
एक तरफ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करेंगे। दूसरी तरफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ‘संविधान रक्षा मार्च’ को संबोधित करेंगे। वहीं, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ में शामिल होंगे।
अखिलेश यादव जारी करेंगे चुनावी घोषणापत्र
समाजवादी पार्टी 26 नवंबर को अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करेगी। पार्टी इसे ‘सत्ताईस का संकल्प: PDA का प्रणपत्र’ नाम दे रही है। इसमें पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों, युवाओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता मिलने की उम्मीद है। रोजगार, शिक्षा, सामाजिक न्याय और आरक्षण जैसे विषय भी घोषणापत्र का हिस्सा हो सकते हैं। इसके जरिए अखिलेश यादव 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की प्राथमिकताएं सामने रखेंगे।
खरगे करेंगे संविधान रक्षा कार्यक्रम को संबोधित
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ पहुंचेंगे। कांग्रेस ने ‘संविधान रक्षा मार्च’ का आयोजन किया है। इस कार्यक्रम के जरिए पार्टी संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाएगी। हालांकि, मार्च को लेकर प्रशासन की अनुमति नहीं मिलने की खबरें सामने आई हैं। ऐसे में कार्यक्रम के स्वरूप में बदलाव किया गया है।
ओवैसी और चंद्रशेखर की महारैली पर नजर
लखनऊ में तीसरा बड़ा राजनीतिक आयोजन असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की संयुक्त ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ होगी। इस रैली के जरिए दोनों नेता बहुजन अधिकार, सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार और संविधान से जुड़े मुद्दे उठाएंगे। दोनों दलों की ओर से उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही गई है।
2027 के चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी
26 नवंबर को होने वाले इन तीनों कार्यक्रमों का राजनीतिक महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। समाजवादी पार्टी जहां PDA के एजेंडे और चुनावी वादों के साथ आगे बढ़ रही है, वहीं कांग्रेस संविधान की रक्षा को अपना प्रमुख मुद्दा बना रही है। दूसरी तरफ ओवैसी और चंद्रशेखर की संयुक्त महारैली बहुजन राजनीति के जरिए अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखी जा रही है।
एक ही दिन लखनऊ में होने वाले इन तीनों आयोजनों से प्रदेश की राजनीति में विपक्षी दलों की रणनीति, सामाजिक समीकरण और आगामी चुनाव की तैयारियों पर नई चर्चा शुरू होने की संभावना है।

