द लोकतंत्र / मुंबई : दुबई में आयोजित Gulfood 2025 में उत्तर प्रदेश के देवरिया के निवासी और मुंबई के प्रतिष्ठित उद्योगपति व आरबी इंटरनेशनल शिपिंग के डायरेक्टर रणजीत सिंह विशेन को ‘ग्लोबल बिजनेस आइकन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उन्हें शिपिंग और लॉजिस्टिक्स उद्योग में उनके असाधारण योगदान, नवीनतम तकनीकों के उपयोग और उनके अद्वितीय नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया।
दुबई में, इस पुरस्कार का मिलना इस बात का प्रमाण हैं कि रणजीत सिंह विशेन का नाम अब वैश्विक व्यापार जगत में एक प्रतिष्ठित पहचान बना चुका है। उन्होंने भारत को लॉजिस्टिक्स और शिपिंग उद्योग में एक मजबूत खिलाड़ी के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी कार्यशैली, व्यावसायिक रणनीतियां और समाज के प्रति प्रतिबद्धता ने उन्हें उद्योग के अग्रणी स्टेक होल्डर्स में शामिल कर दिया है।
पहले भी मिल चुका है अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान
यह पहली बार नहीं है जब रणजीत सिंह विशेन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। इससे पहले भी उन्हें अपने व्यावसायिक कौशल और समाज सेवा के लिए प्रतिष्ठित वैश्विक पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। इस सम्मान के साथ विशेन ने भारत के उद्योग जगत को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान दिलाई है।
Gulfood 2025 : दुनिया की सबसे बड़ी फूड और बिजनेस प्रदर्शनी
गल्फ फूड 2025 का आयोजन 17 से 21 फरवरी 2025 तक दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में किया गया था। इस भव्य आयोजन में 129 से अधिक देशों के 5,500 से अधिक प्रदर्शकों ने भाग लिया। यह दुनिया की सबसे बड़ी खाद्य और व्यापार प्रदर्शनी मानी जाती है, जहां विश्व के दिग्गज उद्यमी और कारोबारी हस्तियां अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं। इसी वैश्विक मंच पर रणजीत सिंह विशेन को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया।

सफल कारोबारी ही नहीं सामाजिक सरोकारों में भी आगे हैं रणजीत सिंह
रणजीत सिंह विशेन न केवल एक सफल उद्योगपति हैं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। वे शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज सेवा के विभिन्न अभियानों में सक्रिय रूप से योगदान देते हैं। उन्होंने गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए कई परियोजनाओं को शुरू किया, अस्पतालों और गुरुद्वारों में दान दिया और आपदा राहत कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका मानना है कि “व्यवसाय की सफलता तभी सार्थक है जब उससे समाज का भी भला हो।” इसी सोच के तहत उन्होंने कई समाजसेवी योजनाओं को गति दी है, जिससे हजारों लोगों को लाभ मिला है।
रणजीत सिंह विशेन की सफलता केवल व्यापारिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सामाजिक परिवर्तन की प्रेरक गाथा भी है। देवरिया के एक साधारण परिवार में जन्मे विशेन ने अपने सपनों को पूरा करने के लिए कठिन संघर्ष किया। उनका बचपन सीमित संसाधनों के बीच बीता, लेकिन अपनी मेहनत और प्रतिबद्धता ने उन्हें एक असाधारण उद्यमी बना दिया। परंपरागत रूप से कृषि-प्रधान पृष्ठभूमि से आने वाले विशेन ने अपने गाँव और शहर के युवाओं को प्रेरित करने का बीड़ा उठाया। उन्होंने शिक्षा, उद्यमिता और तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नवयुवकों को जागरूक किया। आज वे न केवल एक सफल व्यवसायी हैं, बल्कि हजारों लोगों के लिए रोजगार और मार्गदर्शन का स्रोत भी हैं।
रणजीत सिंह विशेन की इस उपलब्धि पर उनके परिवार, शुभचिंतकों और व्यावसायिक जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है। देवरिया में उनके प्रशंसकों ने इस उपलब्धि को गर्व के साथ मनाया। कई व्यापारिक संगठनों और उद्योगपतियों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।