द लोकतंत्र/ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में Yamuna Expressway पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में स्लीपर बस आग का गोला बन गई। जेवर क्षेत्र के दयानतपुर गांव के पास चलती एसी स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बस में करीब 30-35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
Yamuna Expressway पर धू-धूकर जली बस
पुलिस के मुताबिक हादसा बुधवार रात करीब 11:30 बजे Yamuna Expressway पर जेवर के पास हुआ। बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा की ओर जा रही थी। दयानतपुर गांव के पास पहुंचते ही बस में आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के बाद बस में धुआं भर गया और यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। कई यात्री उस समय सो रहे थे। कुछ लोगों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि कई यात्री आग और धुएं के कारण बस के अंदर फंस गए।
Yamuna Expressway हादसे में 9 यात्रियों की मौत
हादसे में 9 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है। अधिकारियों के अनुसार, करीब 20-25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों में महिला समेत अलग-अलग उम्र के यात्री शामिल होने की जानकारी सामने आई है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।Yamuna Expressway पर हुए हादसे में आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। राहत और बचाव टीमों ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। कुछ हिस्सों को काटने के लिए गैस कटर का भी इस्तेमाल किया गया।
यात्रियों ने बयां की आपबीती
हादसे से बची एक महिला यात्री ने बताया कि वह बस में सो रही थी, तभी किसी ने दरवाजा खटखटाकर जगाया। जब वह उठी तो बस के अंदर पहले से ही काफी भीड़ थी। उसने बताया कि उसने अपना सामान तक नहीं उठाया और सिर्फ मोबाइल लेकर बाहर निकलने की कोशिश की।
यात्री के मुताबिक बस के अंदर इतना धुआं भर गया था कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। बाहर निकलने के लिए यात्रियों के बीच अफरातफरी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई थी। आखिरकार किसी व्यक्ति ने उसे खींचकर बस से बाहर निकाला। Yamuna Expressway पर सहयात्रियों ने सोशल मीडिया पर साझा किए दिल दहला देने वाले वीडियो।
आग लगने की वजह क्या थी?
बस में आग लगने के कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी जांच का विषय है। पुलिस बस, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल से मिले सबूतों की जांच कर रही है। कुछ रिपोर्टों में शुरुआती जांच के आधार पर AC सिस्टम में स्पार्क/ब्लास्ट के बाद इंजन ऑयल में आग लगने की आशंका बताई गई है। वहीं, पुलिस शिकायत में यात्रियों द्वारा बस के अंदर जलने की गंध महसूस होने और ड्राइवर-कंडक्टर को इसकी जानकारी देने का उल्लेख है। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हादसे के पीछे किसी तकनीकी खराबी या लापरवाही की भूमिका की भी जांच की जा रही है। Yamuna Expressway पर सैकड़ों की संख्या में स्लीपर एसी बसे चलती हैं, जिसमें प्रतिदिन हजारों लोग यात्रा करते हैं।
CM योगी ने जताया दुख,आर्थिक मदद की घोषणा
ग्रेटर नोएडा में Yamuna Expressway पर हुए इस हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
चालक और कंडक्टर गिरफ्तार
Yamuna Expressway पर हादसे के बाद पुलिस ने मामले में बस के चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। FIR और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग लगने से पहले बस में क्या स्थिति थी और यात्रियों की चेतावनी पर क्या कार्रवाई की गई। यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए इस भीषण हादसे ने रात में लंबी दूरी की यात्रा करने वाली स्लीपर बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और सुरक्षा मानकों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े-
Jamshedpur Road Accident: मरीन ड्राइव पर खड़े ट्रेलर में घुसी कार, मंत्री की बेटी समेत 4 की मौत



