द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Nitin Nabin ने शनिवार को देशभर से चुने गए 45 युवा नेताओं के साथ बैठक कर युवाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक का मुख्य फोकस युवाओं के साथ पार्टी का संवाद बढ़ाने, उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने और युवा वर्ग के सुझावों को पार्टी की गतिविधियों में शामिल करने पर रहा।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में सभी प्रतिभागियों से युवाओं के साथ संवाद और भागीदारी को लेकर राय एवं सुझाव मांगे गए। अलग-अलग राज्यों से आए युवा नेताओं ने अपने अनुभव साझा किए और युवाओं तक पार्टी की पहुंच को बेहतर बनाने के सुझाव दिए।
बैठक में यह मुद्दा भी उठा कि देश के सभी युवाओं को एक ही श्रेणी में रखना उचित नहीं होगा। कुछ प्रतिभागियों ने ‘Gen-Z’ जैसे व्यापक शब्दों के बजाय अलग-अलग आयु वर्ग के युवाओं को ध्यान में रखते हुए संवाद की रणनीति बनाने पर जोर दिया। उनका कहना था कि युवाओं की जरूरतें और सोच अलग-अलग हो सकती हैं, इसलिए उनसे संवाद का तरीका भी उसी के अनुरूप होना चाहिए।
युवाओं से सिर्फ संवाद नहीं, उनकी भागीदारी बढ़ाने पर जोर
बैठक में शामिल कुछ प्रतिभागियों ने कहा कि युवाओं के बीच जाकर केवल पार्टी की बात रखने के बजाय उनकी समस्याओं और विचारों को भी गंभीरता से सुना जाना चाहिए। युवाओं के साथ दोतरफा संवाद स्थापित करने और उन्हें पार्टी की गतिविधियों में अधिक भागीदारी देने की जरूरत पर जोर दिया गया।
हालांकि, बैठक में यह सुझाव भी सामने आया कि युवाओं को पार्टी से जोड़ते समय पुराने और उम्रदराज समर्थकों की भावनाओं का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। एक प्रतिभागी ने कहा कि युवा वर्ग पर फोकस बढ़ाना जरूरी है, लेकिन इससे पुराने समर्थकों या लंबे समय से पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं को उपेक्षित महसूस नहीं होना चाहिए। इसके अलावा, पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने और नेतृत्व के प्रति उनका विश्वास मजबूत करने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। प्रतिभागियों का मानना था कि युवाओं तक पहुंच बढ़ाने के साथ पार्टी कैडर को मजबूत रखना भी उतना ही जरूरी है।
45 नेताओं के सुझावों पर आगे होगा काम
सूत्रों के अनुसार, बैठक में शामिल सभी नेताओं के साथ आगे भी चर्चा जारी रहेगी। सभी 45 प्रतिभागियों से अगले सात-आठ दिनों में अपने विस्तृत सुझाव टीम लीडर को भेजने को कहा गया है। इन सुझावों को एकत्रित करने के बाद पार्टी के स्तर पर उनका अध्ययन किया जाएगा और उपयोगी सुझावों को भविष्य के कार्यक्रमों एवं रणनीति में शामिल करने की योजना है। ऐसे में नितिन नवीन की यह बैठक बीजेपी की युवा रणनीति को लेकर अहम मानी जा रही है।




