Advertisement Carousel
Blog Post

Mental Health and the Modern Era: एक मौन संकट, अनदेखे पहलू और सकारात्मक बदलाव की राह

Metal Helath

द लोकतंत्र/ईशानी सिन्हा : पारंपरिक रूप से, जब भी हम Mental Health की बात करते हैं, तो हमारे जहन में अवसाद (depression), चिंता (anxiety) या तनाव जैसी पुरानी और स्थापित परिभाषाएं घूमने लगती हैं, जिन पर समाज में अब धीरे-धीरे खुलकर बातचीत होने लगी है। हालांकि, इक्कीसवीं सदी की इस अत्यधिक रफ्तार भरी, डिजिटल और जुड़ी हुई दुनिया ने मानसिक स्वास्थ्य के मोर्चे पर कुछ बिल्कुल नए और अनोखे संकट खड़े कर दिए हैं, जहाँ आज का इंसान केवल पुरानी जीवनशैली की समस्याओं से नहीं जूझ रहा, बल्कि उसने कुछ ऐसे आधुनिक मनोवैज्ञानिक विकारों को अपने भीतर पाल लिया है जिन पर मुख्यधारा की चर्चाओं में शायद ही कभी बात होती है।


बाहर से देखने पर आज का इंसान बहुत उन्नत, सफल और आधुनिक नजर आता है। उसके पास दुनिया की हर सुख-सुविधा है, तकनीक की ताकत है और पलों में दुनिया के किसी भी कोने से जुड़ने का साधन है। लेकिन इस चमकते और भव्य मुखौटे के पीछे एक ऐसा मौन संकट पल रहा है, जो इंसानी मन को भीतर से दीमक की तरह खोखला कर रहा है। यह लेख इसी मौन संकट और आधुनिक युग के उन अनछुए पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डालता है, जो हमारे दैनिक जीवन को प्रभावित कर रहे हैं। साथ ही,यह हमें यह भी सिखाता है कि कैसे हम एक सकारात्मक सोच के साथ इन चुनौतियों से पार पाकर एक खुशहाल जीवन जी सकते हैं।

डिजिटल अतिभार और डोपामाइन का कृत्रिम जाल

इस आधुनिक दौर का सबसे बड़ा और अदृश्य संकट डिजिटल अतिभार और डोपामाइन का वह कृत्रिम जाल है, जहाँ हर सेकंड आने वाली नोटिफिकेशन्स, ईमेल्स और सोशल मीडिया की अंतहीन स्क्रॉलिंग ने हमारे मस्तिष्क की रासायनिक संरचना को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। जब भी हमें वर्चुअल दुनिया में कोई लाइक, कमेंट या नोटिफिकेशन मिलती है, तो हमारा मस्तिष्क तात्कालिक खुशी यानी ‘इंस्टेंट ग्रेटिफिकेशन’ के रूप में डोपामाइन का एक छोटा सा विस्फोट महसूस करता है।
यह बार-बार मिलने वाला सुख धीरे-धीरे हमारे दिमाग को एक खतरनाक लत में धकेल देता है। इसका सीधा असर हमारी एकाग्रता पर पड़ता है, जो इस हद तक कमजोर हो चुका है कि आज युवा किसी गंभीर किताब के दो पेज भी बिना भटके नहीं पढ़ पा रहे हैं। उनका मन बार-बार फोन उठाने को मचलने लगता है। इस डिजिटल अतिभार से पार पाने के लिए हमें घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि एक सकारात्मक कदम के रूप में हफ्ते में कम से कम एक बार ‘डिजिटल डिटॉक्स’ अपनाना बेहद जरूरी हो गया है। इसके तहत कुछ घंटों या एक पूरे दिन के लिए इंटरनेट और गैजेट्स से पूरी तरह कटकर अपनी वास्तविक दुनिया के साथ जुड़ना हमारे Mental Health और सुकून को वापस लौटाता है। प्रकृति के बीच समय बिताना, अपनों से आमने-सामने बात करना और किताबों की दुनिया में लौटना हमारे दिमाग को सुकून देता है।

साइलेंट बर्नआउट और हाई-फंक्शनिंग डिप्रेशन

इसकी एक बेहतरीन मिसाल हमारे आस-पास दिखने वाले वे लोग हैं जिन्हें हम अक्सर ‘परफेक्ट’ या ‘अति-सक्रिय’ मान लेते हैं। उदाहरण के लिए, कॉर्पोरेट जगत या किसी संस्थान में काम करने वाली वह महिला या पुरुष जो हर मीटिंग में सबसे आगे रहता है, जिसकी प्रेजेंटेशन की हमेशा तारीफ होती है, जो समय पर सारे प्रोजेक्ट पूरे करता है और ऑफिस की पार्टी में हमेशा हंसमुख और ऊर्जावान नजर आता है। समाज की नजरों में वह सफलता का प्रतीक है- एक ऐसा इंसान जिसका जीवन बिल्कुल व्यवस्थित है।


लेकिन इस चमकदार और सफल मुखौटे के पीछे की सच्चाई बिल्कुल उलट होती है। घर लौटने के बाद वह अपने कमरे का दरवाजा बंद करके सुस्त बैठ जाता है, उसे अपने दोस्तों से मिलने या फोन पर बात करने तक में भारी झुंझलाहट महसूस होती है। उसे अब अपनी किसी भी उपलब्धि से खुशी नहीं मिलती, बल्कि वह सिर्फ एक मशीन की तरह ‘ऑटो-पायलट’ मोड पर अपनी रोजमर्रा की जिंदगी घसीट रहा होता है। उसके भीतर इस बात का लगातार डर बना रहता है कि अगर उसने थोड़ा भी कमजोर पड़ने का दिखाया, तो लोग उसे ‘अयोग्य’ या ‘कमजोर’ मान लेंगे।


हमें यह समझना होगा कि यह साइलेंट बर्नआउट और हाई-फंक्शनिंग डिप्रेशन किसी ऐसे व्यक्ति को नहीं होता जो कुछ नहीं कर रहा, बल्कि यह उन लोगों को अंदर से खोखला करता है जो दूसरों के लिए अपनी हर उम्मीद पर खरे उतरने की कोशिश में खुद को पूरी तरह झोंक चुके होते हैं। इस स्थिति से उबरने के लिए सबसे जरूरी है यह स्वीकार करना कि हम इंसान हैं, रोबोट नहीं। अपनी भावनाओं को दबाएं नहीं, बल्कि जब भी थकान महसूस हो, खुलकर ब्रेक लें और अपने करीबियों से अपने मन की बात साझा करें।

इको-एंग्जायटी या क्लाइमेट एंग्जायटी : Mental Health

जैसे-जैसे दुनिया भर में ग्लोबल वार्मिंग, प्रदूषण और मौसम का अत्यधिक बदलाव बढ़ रहा है, मनोविज्ञान के क्षेत्र में ‘इको-एंग्जायटी’ नामक एक बिल्कुल नया शब्द तेजी से उभरा है। आज की युवा पीढ़ी और बच्चों के एक वर्ग में यह डर घर करता जा रहा है कि आने वाले कुछ दशकों में यह पृथ्वी रहने लायक नहीं बचेगी। प्राकृतिक आपदाओं और विनाश के भयानक दृश्यों को सोशल मीडिया पर बार-बार देखने से उनके मन में एक गहरा अवसाद और लाचारी का भाव पैदा हो रहा है। उन्हें लगता है कि वे व्यक्तिगत रूप से इस बड़े संकट को रोकने में असमर्थ हैं।
लेकिन इस नकारात्मकता से पार पाने का एक सकारात्मक तरीका यह है कि हम अति-नकारात्मक खबरों के लगातार सेवन से दूरी बनाएं। इसके साथ ही, पर्यावरण के लिए अपनी तरफ से छोटे-छोटे सकारात्मक कदम उठाना , जैसे पौधे लगाना, पानी बचाना और प्लास्टिक का उपयोग कम करना हमें मानसिक तौर पर सशक्त महसूस कराता है। यह हमें यह अहसास कराता है कि हम बदलाव का हिस्सा हैं, लाचार नहीं।

पीपल प्लेसंग सिंड्रोम (People Pleasing Syndrome) और अपनी सीमाएं तय करना

इन सबके बीच, आधुनिक कॉर्पोरेट संस्कृति और सोशल मीडिया के इस दौर में हर किसी को खुश रखने का एक अजीब सा मानसिक दबाव भी हम पर हावी रहता है, जिसे ‘पीपल प्लेसंग सिंड्रोम’ (People Pleasing Syndrome) कहा जाता है। इसमें लोग इस डर से हर किसी की मांग पूरी करते रहते हैं कि कहीं वे दूसरों की नजरों में बुरे न बन जाएं, और इस चक्कर में वे अपनी मानसिक सीमाओं को पूरी तरह ताक पर रख देते हैं।
इस प्रक्रिया में वे अपनी खुद की प्राथमिकताओं और मानसिक सुकून को नजरअंदाज कर देते हैं, जिसके परिणामस्वरूप अत्यधिक मानसिक तनाव और कुंठा जन्म लेती है। इसी चक्र से बाहर निकलने के लिए ‘ना’ कहना सीखना एक बहुत बड़ा और सकारात्मक कौशल है। अपनी व्यक्तिगत सीमाएं तय करना स्वार्थी होना नहीं, बल्कि खुद के प्रति ईमानदारी बरतना है। जब हम खुद की Mental Health का सम्मान करना सीखते हैं, तभी हम दूसरों को भी बेहतर तरीके से प्यार और सहयोग दे पाते हैं।

आधुनिक अकेलापन और वर्चुअल भ्रम: Mental Health

अंततः, आज हम तकनीक के जरिए दुनिया के किसी भी कोने में बैठे इंसान से पल भर में जुड़ सकते हैं, लेकिन इसकी सबसे बड़ी विडंबना यह है कि इंसान-से-इंसान का वास्तविक भावनात्मक जुड़ाव लगातार कम होता जा रहा है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) या चैटबॉट्स के दौर में लोग अपनी भावनाएं इंसानों के बजाय मशीनों के सामने रखने लगे हैं। सोशल मीडिया पर हजारों फॉलोअर्स होने के बावजूद लोग अंदर से भयंकर अकेलेपन से जूझ रहे हैं, क्योंकि वर्चुअल दुनिया के रिश्ते सतही होते हैं जो संकट के समय वास्तविक मानसिक संबल नहीं दे पाते। इसलिए स्क्रीन के बाहर निकलकर वास्तविक मानवीय संबंधों को समय देना और परिवार व दोस्तों के साथ आमने-सामने की बातचीत करना Mental Health के लिए सबसे बड़ा संबल बनता है। सच्ची बातचीत, हंसी-मजाक और अपनों का साथ हमारे अकेलेपन को दूर कर जीवन में नई ऊर्जा भर देता है।

Mental Health कोई ऐसी चीज नहीं है जिसे नजरअंदाज किया जा सके, बल्कि यह हमारी सांसों की तरह हर पल हमारे साथ जुड़ा हुआ है। इसे सुरक्षित रखने के लिए हमें अपनी भावनाओं को दबाना बंद करना होगा, तकनीक का इस्तेमाल अपनी सुविधा के लिए करना होगा (न कि तकनीक को अपना मालिक बनने देना), और जरूरत पड़ने पर किसी पेशेवर मनोचिकित्सक की मदद लेने में कभी भी शर्म महसूस नहीं करनी होगी। मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बात करना ही इस आधुनिक मौन संकट से बाहर निकलने का एकमात्र मार्ग है। याद रखिए, जीवन में उतार-चढ़ाव आना स्वाभाविक है, और हर समस्या का समाधान भी संभव है। अपनी देखभाल करना कोई विलासिता नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, सकारात्मक और खुशहाल जीवन की बुनियादी जरूरत है। आप जैसे हैं, बहुत अनमोल हैं और आपका मानसिक सुकून सबसे पहले आता है।

ईशानी सिन्हा: संक्षिप्त परिचय

बिहार की ईशानी सिन्हा एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद, मनोवैज्ञानिक और कलाकार हैं। रांची विश्वविद्यालय से मनोविज्ञान में द्वि-स्वर्ण पदक विजेता ईशानी कला और मनोविज्ञान के समन्वय से सशक्त कथाएँ गढ़ती हैं। वह ‘काल सीमा के प्रहरी’ (The Timebound Sentinels) और ‘स्वप्न ग्रंथी’ (The Dream Glands) जैसी चर्चित फंतासी व मनोवैज्ञानिक पुस्तकों की लेखिका हैं। उनकी इन कृतियों को सर्वश्रेष्ठ डेब्यू राइटर 2026, साहित्य स्पर्श, लेगेसी ऑफ लिटरेचर और ऑथर इंकवेल जैसे कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। ब्राइट स्टार बुक ऑफ रिकॉर्ड्स से मानद डॉक्टरेट प्राप्त ईशानी अपनी रचनाओं के माध्यम से मानसिक कल्याण को बढ़ावा देती हैं।

यह भी पढ़े-

Independence Day 2026: आजादी का जश्न या सिर्फ रस्म, ख़ुद से एक असहज सवाल पूछिये – आखिर ‘हम’ बदले क्यों नहीं?

SUJIT SHARMA

SUJIT SHARMA

About Author

सुजीत शर्मा मास कम्युनिकेशन एवं जर्नलिज्म में गोल्ड मेडलिस्ट पोस्टग्रेजुएट और UGC-NET योग्य पत्रकार हैं। वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय राजनीति, समाचार लेखन, रिपोर्टिंग और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में विशेषज्ञता रखते हैं। जटिल मुद्दों को सरल, स्पष्ट और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करना उनकी प्रमुख विशेषता है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like

The Nehru Era: From Gandhi's ideals and ideas to the foundation of modern, democratic and socialist India
Blog Post

नेहरू युग: गांधी के आदर्शों और विचारों से आधुनिक, लोकतांत्रिक और समाजवादी भारत की नींव तक का सफर

द लोकतंत्र/ सौरभ त्यागी : भारत की आजादी का इतिहास केवल राजनीतिक संघर्षों और स्वतंत्रता आंदोलनों का ही नहीं, बल्कि
Pakistani serials have taken over the hearts of Indian viewers, why is the magic of Indian serials ending?
Blog Post

भारतीय दर्शकों के दिलों में पाकिस्तानी सीरियल्स का चढ़ा खुमार, क्यों ख़त्म हो रहा हिंदुस्तानी धारावाहिकों का जादू

द लोकतंत्र/ उमा पाठक : हाल के दिनों में, भारतीय दर्शकों के बीच पाकिस्तानी सीरियल्स का क्रेज़ बढ़ा है। ख़ासतौर