द लोकतंत्र/ नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 27 सितंबर को ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी में देशवासियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में PM Modi देश के युवाओं द्वारा नशे और ड्रग्स के खिलाफ लिए गए संकल्प की सराहना की। पीएम मोदी ने ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ का जिक्र करते हुए कहा कि देश के लाखों युवाओं ने नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा लेने के साथ-साथ इस संदेश को दूसरों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी उठाई है।
100 सप्ताह तक चलेगा ‘नशा मुक्त युवा अभियान: PM Modi
प्रधानमंत्री ने बताया कि ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ 100 सप्ताह तक चलेगा। इसमें MY Bharat के वॉलंटियर्स के साथ NSS से जुड़े युवा, स्कूल-कॉलेज और विश्वविद्यालयों के छात्र तथा विभिन्न सामाजिक और आध्यात्मिक संगठन भाग ले रहे हैं। PM Modi के मुताबिक, अभियान के तहत देशभर में हजारों संकल्प समारोह और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने युवाओं की रचनात्मक भागीदारी की भी सराहना की और कहा कि युवा अपनी भाषा और अपने तरीके से नशामुक्ति का संदेश आगे बढ़ा रहे हैं।
4 लाख से ज्यादा युवाओं ने लिया संकल्प
PM Modi ने कहा ,सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 20 सितंबर को देशभर में 1,000 से अधिक स्थानों पर राष्ट्रीय संकल्प समारोह आयोजित किए गए, जिसमें 4 लाख से अधिक युवाओं और नागरिकों ने भाग लिया। इससे पहले 18 सितंबर को अभियान के तहत 259 संस्थानों में 1,455 गतिविधियां आयोजित की गई थीं, जिनमें 1,47,798 प्रतिभागी शामिल हुए। वहीं, 25 सितंबर को ‘My Health, My Pride’ पहल के तहत 167 शैक्षणिक संस्थानों और उनके अपनाए गए गांवों में गतिविधियां आयोजित की गईं। PIB के अनुसार, इन कार्यक्रमों में 1,75,368 लोगों की भागीदारी हुई और 48,500 से अधिक युवाओं की स्वास्थ्य जांच की गई।
एंथम, स्लोगन और नुक्कड़ नाटक से जुड़ रहे युवा
PM Modi ने कहा कि युवाओं को अपनी क्रिएटिविटी के जरिए अभियान से जोड़ने की अपील का सकारात्मक असर देखने को मिला है। MY Bharat पोर्टल पर एंथम, स्लोगन राइटिंग और नुक्कड़ नाटक जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं। सोशल मीडिया पर भी युवा ‘नशामुक्त युवा’ हैशटैग के साथ अपना क्रिएटिव कंटेंट साझा कर रहे हैं। पीएम मोदी ने इस भागीदारी को रेखांकित करते हुए कहा कि संदेश, माध्यम और उसे आगे बढ़ाने की ऊर्जा—तीनों में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
आगे हेल्थ चेकअप और ध्यान शिविर भी
PM Modi ने बताया कि आने वाले दिनों में इस अभियान के तहत हेल्थ चेकअप और ध्यान शिविर जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इससे अभियान को केवल जागरूकता तक सीमित रखने के बजाय स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली से जुड़ी गतिविधियों तक विस्तार देने पर जोर रहेगा।
PM Modi की युवाओं और परिवारों से खास अपील
आने वाले त्योहारों का जिक्र करते हुए PM Modi ने देशवासियों से अपने आसपास के युवाओं पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर कोई युवा किसी गलत आदत की ओर बढ़ रहा है तो उससे बातचीत करनी चाहिए। वहीं, अगर कोई युवा नशे की आदत से बाहर निकलने का प्रयास कर रहा है तो उसका साथ देना चाहिए। प्रधानमंत्री ने ‘नशा मुक्त युवा और विकसित भारत’ के संकल्प को सामूहिक प्रयास के जरिए आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
क्या है ‘नशा मुक्त युवा अभियान’?
‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे और मादक पदार्थों के दुरुपयोग से दूर रहने के लिए जागरूक करना और उन्हें इस मुहिम से जोड़ना है। केंद्र सरकार के अनुसार, यह 100 सप्ताह तक चलने वाला अभियान है, जिसमें MY Bharat, NSS, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की भागीदारी है। अगस्त 2026 में अभियान की शुरुआत के दौरान सरकार ने बताया था कि एक करोड़ से अधिक युवा इससे जुड़ चुके थे।
यह भी पढ़े-




