द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए बीसीसीआई (BCCI) ने शुक्रवार को 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल को इस सीरीज के लिए भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। वहीं टीम के प्रमुख खिलाड़ी शुभमन गिल गर्दन की चोट (Neck Injury) से पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं, जिसके चलते उन्हें इस महत्वपूर्ण दौरे से बाहर रखा गया है। गिल के बाहर रहने से टॉप ऑर्डर में कई संयोजन बदल सकते हैं।
टीम इंडिया की कप्तानी की जिम्मेदारी केएल राहुल को
लंबे समय बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर रहे रवींद्र जडेजा की 50 ओवर फॉर्मेट में जोरदार वापसी हुई है। उनकी मौजूदगी मध्यक्रम, स्पिन और ऑलराउंड विकल्पों को मजबूती देगी। इसके अतिरिक्त विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी टीम का हिस्सा बनाए गए हैं। इससे पहले कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि ऋषभ पंत वनडे सीरीज के कप्तान होंगे, लेकिन चयन समिति ने सभी अटकलों को दरकिनार करते हुए कप्तानी की जिम्मेदारी केएल राहुल को ही सौंपी है।
गेंदबाजी विभाग में चयनकर्ताओं ने बड़ा फैसला लिया है। भारतीय टीम के दो प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को दक्षिण अफ्रीका दौरे से आराम दिया गया है, ताकि वह आगामी शेड्यूल के लिए तरोताजा रह सकें। तेज गेंदबाजी यूनिट की कमान प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और युवा ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी के हाथों में होगी।
स्पिन विभाग में टीम इंडिया तीन विकल्पों के साथ मैदान पर उतरेगी रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर। रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को इस सीरीज में जगह नहीं मिल पाई है। बल्लेबाजी में कप्तान केएल राहुल और ऋषभ पंत के अलावा रोहित शर्मा, विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, ऋतुराज गायकवाड़ और ध्रुव जुरेल को शामिल किया गया है। कुल मिलाकर यह टीम अनुभव और युवा खिलाड़ियों के सम्मिश्रण के रूप में संतुलित दिखाई देती है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया (15 सदस्य)
रोहित शर्मा, विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान), ऋषभ पंत, वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, ऋतुराज गायकवाड़, हर्षित राणा, ध्रुव जुरेल, प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह।
भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज का पूरा शेड्यूल
- पहला वनडे – 30 नवंबर, रांची
- दूसरा वनडे – 3 दिसंबर, रायपुर
- तीसरा वनडे – 6 दिसंबर, विशाखापत्तनम
दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीम के खिलाफ यह सीरीज भारतीय बल्लेबाजों और युवा गेंदबाजों के लिए एक बड़ी परीक्षा होने वाली है। कप्तान केएल राहुल के नेतृत्व में टीम किस तरह रणनीति बनाती है और जडेजा की टीम में वापसी प्रदर्शन पर कितना असर डालती है, यह देखने लायक होगा।

