द लोकतंत्र/तिरुवनंतपुरम: Virat Kohli ने एक बार फिर साबित कर दिया कि रिकॉर्ड बुक में उनका नाम क्यों लगातार नए पन्ने जोड़ता है। वेस्टइंडीज के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में खेले गए पहले वनडे में कोहली ने शानदार शतक जड़ते हुए नाबाद 139 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड बने और कुछ पुराने रिकॉर्ड उनकी पहुंच के बेहद करीब आ गए।
ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में Virat Kohli ने महज 88 गेंदों में नाबाद 139 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। खास बात यह रही कि वनडे करियर में पहली बार कोहली ने एक पारी में 9 छक्के लगाए। उनके बल्ले से निकला यह शतक वनडे क्रिकेट में उनका 55वां और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 86वां शतक रहा। कोहली की विस्फोटक पारी की बदौलत भारत ने वेस्टइंडीज से मिले 296 रन के लक्ष्य को महज 41.4 ओवर में हासिल कर लिया और तीन मैचों की वनडे सीरीज में बढ़त बना ली।
सचिन तेंदुलकर के दो बड़े रिकॉर्ड पर Virat Kohli का कब्जा
Virat Kohli ने अपनी इस पारी के दौरान महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। कोहली वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 15,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
उन्होंने यह उपलब्धि 303 पारियों में हासिल की, जबकि सचिन तेंदुलकर को इस मुकाम तक पहुंचने में 377 पारियां लगी थीं। इसके अलावा Virat Kohli ने भारत की धरती पर सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने का सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। कोहली के नाम अब भारत में 131 वनडे मैचों में 7,006 रन हो गए हैं, जबकि सचिन ने भारतीय जमीन पर 164 वनडे में 6,976 रन बनाए थे।
सचिन के दो और रिकॉर्ड पर Virat Kohli की नजर
कोहली ने सिर्फ रिकॉर्ड तोड़े ही नहीं, बल्कि सचिन तेंदुलकर के दो और बड़े रिकॉर्ड को भी खतरे में डाल दिया है। लिस्ट-ए क्रिकेट में Virat Kohli के नाम अब संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा 60 शतक हो गए हैं। एक और शतक लगाते ही वह इस मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ सकते हैं। वहीं, घरेलू मैदान पर विराट के नाम अब 42 अंतरराष्ट्रीय शतक हो चुके हैं। इस मामले में भी वह संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। एक और सेंचुरी लगाते ही कोहली इस रिकॉर्ड पर भी अकेले कब्जा जमा सकते हैं।
गावस्कर के रिकॉर्ड की बराबरी, अगली सेंचुरी पर टूटेगा रिकॉर्ड
वेस्टइंडीज के खिलाफ Virat Kohli का बल्ला लंबे समय से जमकर बोलता रहा है। तिरुवनंतपुरम में शतक लगाते ही वेस्टइंडीज के खिलाफ उनके अंतरराष्ट्रीय शतकों की संख्या 13 हो गई। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर के 13 अंतरराष्ट्रीय शतकों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब वेस्टइंडीज के खिलाफ एक और शतक कोहली को इस मामले में गावस्कर से आगे ले जाएगा।
Virat Kohli दो टीमों के खिलाफ 10-10 वनडे शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज
Virat Kohli ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना 10वां वनडे शतक पूरा करते ही एक और खास उपलब्धि हासिल की। वह अब दो अलग-अलग टीमों के खिलाफ 10-10 वनडे शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। वेस्टइंडीज से पहले Virat Kohli श्रीलंका के खिलाफ भी वनडे क्रिकेट में 10 शतक लगा चुके हैं।
रन चेज में भी Virat Kohli का जलवा
Virat Kohli का नाम लक्ष्य का पीछा करने में दुनिया के सबसे सफल बल्लेबाजों में लिया जाता है। वेस्टइंडीज के खिलाफ उनकी इस पारी के बाद वनडे रन चेज में जीत दर्ज करने के मामले में उनके नाम 112 जीत हो गई हैं। इस मामले में कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ दिया है। अब उनके आगे सिर्फ एमएस धोनी और सचिन तेंदुलकर हैं। इतना ही नहीं, रन चेज में विराट कोहली के वनडे शतकों की संख्या भी 30 हो गई है। वह इस आंकड़े तक पहुंचने वाले पहले क्रिकेटर बन गए हैं।
मौजूदा दशक में भी सबसे आगे
Virat Kohli ने मौजूदा दशक में वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। इस दशक में उनके वनडे शतकों की संख्या 12 हो गई है। उन्होंने वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप को पीछे छोड़ा, जिनके नाम इस अवधि में 11 वनडे शतक हैं।
तिरुवनंतपुरम में Virat Kohli ने बनाए ये 10 बड़े रिकॉर्ड
303 पारियों में 15,000 वनडे रन, सबसे तेज उपलब्धि।
दो अलग-अलग टीमों के खिलाफ 10-10 वनडे शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज-Virat Kohli ।
लिस्ट-ए क्रिकेट में 60 शतक, संयुक्त रूप से सर्वाधिक।
घरेलू मैदान पर 42 अंतरराष्ट्रीय शतक, संयुक्त रूप से सर्वाधिक।
वेस्टइंडीज के खिलाफ 13 अंतरराष्ट्रीय शतक, गावस्कर के साथ संयुक्त रूप से सर्वाधिक।
वेस्टइंडीज के खिलाफ 44 वनडे मैच, किसी भारतीय द्वारा सर्वाधिक।
वनडे रन चेज में 112 जीत, इस सूची में तीसरे स्थान पर।
मौजूदा दशक में 12 वनडे शतक, सर्वाधिक।
भारत में 7,006 वनडे रन, किसी एक देश में सर्वाधिक।
वनडे रन चेज में 30 शतक, यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले बल्लेबाज।
Virat Kohli की 139 रनों की यह पारी सिर्फ एक और शतक नहीं रही। इस एक पारी ने रिकॉर्ड बुक में कई बड़े बदलाव कर दिए हैं। सचिन तेंदुलकर के कुछ रिकॉर्ड अब कोहली की पहुंच में हैं, जबकि वेस्टइंडीज और वनडे क्रिकेट से जुड़े कई ऐतिहासिक आंकड़ों पर उन्होंने अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है।
यह भी पढ़े-
The Paradise ने बॉक्स ऑफिस पर मचाई धूम, तीन दिन में 136 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई




