द लोकतंत्र/ कोलकाता : Arvind Kejriwal ने 26 अप्रैल को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में All India Trinamool Congress के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि अगर गलती से भी भाजपा को वोट दिया गया तो राज्य में हुए विकास कार्य रुक जाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में उनकी सरकार द्वारा किए गए अच्छे कामों को भाजपा ने सत्ता में आने के बाद खत्म करना शुरू कर दिया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में बनाए गए अच्छे स्कूलों को बंद किया जा रहा है, मोहल्ला क्लीनिक व्यवस्था कमजोर की जा रही है, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं को रोका जा रहा है। केजरीवाल ने बंगाल की जनता से अपील करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री Mamata Banerjee ने राज्य में जो भी विकास कार्य किए हैं, भाजपा की सरकार बनने पर वे सब बंद हो सकते हैं।
केजरीवाल ने चुनाव प्रचार के दौरान कहा कि बंगाल का चुनाव केवल एक राज्य का चुनाव नहीं, बल्कि लोकतंत्र और विकास मॉडल की लड़ाई बन चुका है। उन्होंने भाजपा पर विपक्षी सरकारों को अस्थिर करने और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया।
PM मोदी, केंद्रीय एजेंसियों और सुरक्षा बलों की तैनाती पर उठाए सवाल
Arvind Kejriwal ने प्रधानमंत्री Narendra Modi पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ईमानदारी से चुनाव नहीं जीत सकते और उनके “तीन दोस्त” हैं—Enforcement Directorate, Central Bureau of Investigation और मुख्य चुनाव आयुक्त Gyanesh Kumar। उन्होंने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के खिलाफ चल रहे मीम्स और आलोचना का हवाला देते हुए कहा कि जनता में नाराजगी बढ़ रही है।
केजरीवाल ने बंगाल में भारी संख्या में केंद्रीय बलों की तैनाती पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 3.5 लाख सुरक्षा बलों की मौजूदगी बंगाल के लोगों का अपमान है। उन्होंने पूछा कि क्या बंगाल के लोगों को आतंकवादी समझा जा रहा है? उन्होंने यह भी कहा कि यदि इतनी तैयारी के बावजूद भाजपा चुनाव हारती है तो प्रधानमंत्री मोदी को इस्तीफे पर विचार करना चाहिए।
अपने भाषण में केजरीवाल ने अपने खिलाफ दर्ज मामलों का भी जिक्र किया और कहा कि उन्हें एक झूठे केस में जेल भेजा गया था, लेकिन अदालत ने उन्हें निर्दोष बताया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के खिलाफ भी ED, CBI और केंद्रीय बलों का इस्तेमाल किया जा रहा है, लेकिन जनता और “काली मां” का आशीर्वाद उनके साथ है।

