द लोकतंत्र/ लखनऊ : राष्ट्रीय लोकदल (RLD) की ओर से शुक्रवार को लखनऊ के गोमती नगर स्थित विपिन खंड के बौद्ध शोध संस्थान सभागार में सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता Rama Soti ने अपने बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रालोद उत्तर प्रदेश के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा रहे, जबकि संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न चौधरी चरण सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री व रालोद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय चौधरी अजीत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों, महिला प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया।
महिलाओं को नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी का आह्वान
मुख्य अतिथि अनुपम मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसान, मजदूर, युवा, महिला और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी को प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में संगठन लगातार अपने जनाधार का विस्तार कर रहा है। पार्टी अपनी विचारधारा और मूल्यों को आगे बढ़ाने के साथ ही समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच संवाद और संपर्क मजबूत कर रही है।
अनुपम मिश्रा ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी केवल सदस्य संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उन्हें संगठन की निर्णय प्रक्रिया, नीति निर्माण और सामाजिक-राजनीतिक नेतृत्व में भी प्रभावी अवसर मिलना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि युवा वर्ग, विशेषकर जेन ज़ी, महिलाओं और बुद्धिजीवी वर्ग में भी रालोद के प्रति रुचि और जुड़ाव बढ़ रहा है। उनके अनुसार, यह पार्टी के सामाजिक विस्तार और बदलते जनसंपर्क का संकेत है। उन्होंने चौधरी चरण सिंह की विचारधारा का उल्लेख करते हुए कहा कि किसान, गांव, गरीब, मजदूर और वंचित वर्गों का सम्मान तथा सशक्तिकरण पार्टी की मूल प्राथमिकताओं में रहा है।
रालोद उत्तर प्रदेश महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष परिणीता सिंह ने भी महिलाओं को संगठन में सक्रिय भूमिका देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल औपचारिक प्रतिनिधित्व देने के बजाय नेतृत्व और निर्णय लेने के अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए। महिला संगठन शिक्षा, रोजगार, स्वावलंबन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा।
रमा सोती ने सामाजिक कार्यों को व्यापक स्तर पर ले जाने की बात कही
सदस्यता ग्रहण करने के बाद रमा सोती ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहा है। उन्होंने बताया कि वह मूल रूप से अयोध्या की रहने वाली हैं, जबकि उनका ससुराल बिजनौर के ऐतिहासिक सोती परिवार में है। उन्होंने अपने परिवार की सामाजिक विरासत का उल्लेख करते हुए बताया कि उनके पड़ बाबा ससुर राय बहादुर हरबंश लाल सोती बिजनौर के शुरुआती प्रमुख राजनेताओं में शामिल रहे और नगर पालिका के प्रथम अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। रमा सोती के अनुसार, पिछले लगभग एक दशक से वह महिलाओं के रोजगार, जागरूकता और स्वावलंबन से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय रही हैं। उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि समाज की समस्याओं को समझने के लिए लोगों के साथ निरंतर संवाद जरूरी है। इसी उद्देश्य से वह लंबे समय से लोगों के बीच रहकर उनके सुख-दुख में सहभागी बनने और जरूरतमंदों को मार्गदर्शन देने का प्रयास करती रही हैं। रमा सोती ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल से जुड़कर उन्हें अपने सामाजिक कार्यों को और व्यापक स्तर तक ले जाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को मजबूत करने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और सार्वजनिक जीवन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना सामाजिक विकास के लिए आवश्यक है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि रमा सोती के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने पार्टी की सदस्यता ली। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों को रालोद के साथ जोड़ना और संगठन की पहुंच को समाज के विभिन्न वर्गों तक मजबूत करना है। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता सुरेश गुप्ता, वसीम हैदर, रामावती तिवारी, आरपी सिंह, चंद्रकांत अवस्थी, इजहार अहमद शाह, अवध क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल, छात्र सभा प्रदेश अध्यक्ष अमन पांडेय, जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश तिवारी, डॉ. सर्वेश त्रिपाठी सहित कई पदाधिकारी, महिला प्रतिनिधि, कार्यकर्ता और समाजसेवी उपस्थित रहे।



