Advertisement Carousel
Politics

यूपी चुनाव 2027: सपा के घोषणापत्र में 25 लाख सरकारी नौकरियों का वादा, बेरोजगार युवाओं को हर महीने मिलेंगे ₹5,000

अखिलेश यादव ने यूपी चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी का जन-मन मैनिफेस्टो जारी किया।

अखिलेश यादव ने जारी किया ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’, किसानों को 23 फसलों पर MSP की कानूनी गारंटी, 12वीं पास छात्रों को लैपटॉप और गांवों में 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का ऐलान

समाजवादी पार्टी घोषणापत्र 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने इसे ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ नाम दिया है। घोषणापत्र में रोजगार, शिक्षा, किसान, बिजली, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय को लेकर कई बड़े वादे किए गए हैं। सपा ने सरकार बनने पर सबसे पहले युवाओं को रोजगार देने का वादा किया है।

पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा

समाजवादी पार्टी ने पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने और 2 से 3 करोड़ अन्य रोजगार के अवसर पैदा करने की घोषणा की है। ग्रेजुएट बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने 5,000 रुपये पोषण भत्ता देने का वादा किया गया है। इसके अलावा आउटसोर्सिंग व्यवस्था बंद करने और संविदा कर्मचारियों को नियमित करने की बात कही गई है।

26 हजार बंद स्कूल फिर खोलने का ऐलान

शिक्षा के क्षेत्र में सपा ने बंद पड़े 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा खोलने का वादा किया है। 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप देने और शिक्षा मित्रों को नियमित करने की घोषणा की गई है। साथ ही शिक्षा मित्रों के मानदेय में 5,000 रुपये की बढ़ोतरी का वादा भी किया गया है।

किसानों को 23 फसलों पर MSP की कानूनी गारंटी

किसानों के लिए 23 फसलों और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने का वादा किया गया है। इसके अलावा किसानों की कर्जमाफी और सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने की घोषणा की गई है। गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का फंड बनाने की बात कही गई है, जिससे 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।

गांवों में 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा

बिजली के मुद्दे पर सपा ने ग्रामीण क्षेत्रों के घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा की है। स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत गरीब परिवारों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा और सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने का वादा किया गया है।

पुरानी पेंशन योजना होगी बहाल

सरकारी कर्मचारियों को साधने के लिए सपा ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) फिर से लागू करने का वादा किया है। इसके साथ ही जातिगत जनगणना कराने, आरक्षण की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ‘दाम बांधो’ नीति लागू करने की बात कही गई है।

मजदूरों के लिए 5 रुपये में भोजन

घोषणापत्र में माफिया और गुंडागर्दी पर सख्ती करने, गांवों में पक्की सड़कें बनाने और 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का भी वादा किया गया है। मजदूरों के लिए 5 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की योजना भी शामिल है।

सपा के घोषणापत्र के 10 बड़े वादे

महिलाओं को आर्थिक सहायता: वृद्ध महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने का वादा।

शिक्षा मित्रों को राहत: करीब 1.5 लाख शिक्षा मित्रों के मानदेय में 5 हजार रुपये मासिक वृद्धि का प्रस्ताव।

अग्निवीरों को नौकरी: यूपी पुलिस और अन्य सरकारी विभागों में नौकरी के अवसर देने का वादा।

पुरानी पेंशन बहाली: पुरानी पेंशन योजना फिर से लागू करने की घोषणा।

महिला घोषणापत्र: महिलाओं के लिए अलग से घोषणापत्र जारी करने का ऐलान।

सरकारी नौकरियां: पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा।

बेरोजगारी भत्ता: नौकरी मिलने तक ग्रेजुएट बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार रुपये देने का प्रस्ताव।

नई शिक्षा नीति: प्रदेश में राज्य शिक्षा नीति लागू करने का वादा।

स्कूलों को फिर खोलना: बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा खोलने की घोषणा।

समाजवादी कैंटीन: गरीबों और जरूरतमंदों को 5 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने का वादा।

चुनाव से पहले सपा ने रखे अपने वादे

समाजवादी पार्टी के ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ में रोजगार, शिक्षा, किसान और सामाजिक सुरक्षा को प्रमुखता दी गई है। अब इन घोषणाओं के जरिए पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाताओं के सामने अपना एजेंडा पेश कर रही है। हालांकि, इन वादों को पूरा करने के लिए जरूरी वित्तीय संसाधन और क्रियान्वयन की रूपरेखा भी अहम होगी।

यह भी पढ़ें –लखनऊ में ओवैसी-चंद्रशेखर की रैली में लगा पोस्टर, लिखा- दलित का बेटा बनेगा CM, अब्दुल्ला का बेटा बनेगा डिप्टी CM

Himanshu Dubey

Himanshu Dubey

About Author

नमस्कार! मेरा नाम हिमांशु दुबे है। मैंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से मास मीडिया की पढ़ाई की है और वर्तमान में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से हिंदी पत्रकारिता का विद्यार्थी हूँ। लिखने, पढ़ने, बोलने और नए विचारों को जानने में मेरी विशेष रुचि है। शब्दों के माध्यम से अपनी बात कहने और समाज को समझने की कोशिश करता हूँ।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like

Rahul Gandhi
Politics

PM मोदी के बयान पर राहुल बोले – आप हमें जो चाहें बुलाएं, लेकिन हम INDIA हैं

द लोकतंत्र : पीएम मोदी ने विपक्षी दलों के गठबंधन का INDIA नाम रखने पर कहा कि विपक्ष का गठबंधन
Amit Shah in Parliament
Politics

अमित शाह ने मल्लिकार्जुन खरगे को चिट्ठी लिखकर मणिपुर पर चर्चा के लिए सहयोग माँगा

द लोकतंत्र : मणिपुर मामले को लेकर संसद के दोनों सदनों में गतिरोध जारी है। अमित शाह ने चिट्ठी लिखकर