26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने मुंबई के कई प्रमुख ठिकानों को निशाना बनाया था। इस हमले में 166 लोगों की मौत हुई थी और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे।
MumbaiTerrorAttack: 26 नवंबर 2008 की वो काली रात भारत के इतिहास में कभी न भूलने वाली घटना बन गई। मुंबई में हुए सिलसिलेवार आतंकी हमलों ने न केवल देश की आर्थिक राजधानी को दहला दिया, बल्कि भारत की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।
आतंकियों ने छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (CST), ताज होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट, नरीमन हाउस और अन्य स्थानों को निशाना बनाया। करीब 60 घंटे तक चले इस ऑपरेशन में 166 लोगों की जान चली गई, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए।
सुरक्षा व्यवस्था में चूक को लेकर उठे थे सवाल
हमले के समय केंद्र में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली UPA सरकार थी। घटना के बाद खुफिया एजेंसियों के इनपुट, समुद्री सीमा की निगरानी और सुरक्षा बलों की तैयारियों को लेकर गंभीर सवाल उठे।
हमले से पहले संभावित आतंकी खतरे को लेकर कुछ खुफिया सूचनाएं मौजूद थीं, लेकिन उन्हें प्रभावी कार्रवाई में बदलने में नाकामी सामने आई। आतंकियों का समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचना तटीय सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर करता है।
हमले के बाद हुए सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव
घटना के बाद तत्कालीन गृह मंत्री शिवराज पाटिल ने इस्तीफा दे दिया था। पी. चिदंबरम को गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के गठन का कानून पारित हुआ। तटीय सुरक्षा मजबूत करने और NSG के क्षेत्रीय केंद्र स्थापित करने जैसे कदम भी उठाए गए।
देश आज भी नहीं भूला शहीदों का बलिदान
26/11 का हमला भारत के इतिहास का ऐसा अध्याय है, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता। आतंकियों का मुकाबला करते हुए मुंबई पुलिस, NSG और अन्य सुरक्षा बलों के जवानों ने अदम्य साहस का परिचय दिया।
आज भी हर साल 26 नवंबर को देश उन निर्दोष नागरिकों को याद करता है, जिन्होंने इस हमले में अपनी जान गंवाई। साथ ही शहीद जवानों के बलिदान को नमन करता है।
26/11 की घटना सिर्फ आतंकवाद की भयावहता की याद नहीं दिलाती, बल्कि यह भी बताती है कि राष्ट्रीय सुरक्षा में लापरवाही की कीमत कितनी बड़ी हो सकती है।

