द लोकतंत्र/पटना: बिहार की तिरहुत शिक्षक एमएलसी सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा उलटफेर करते हुए लेफ्ट के कब्जे से सीट छीन ली है। एनडीए समर्थित भाजपा उम्मीदवार नरेंद्र प्रसाद सिंह उर्फ NP Singh ने करीब 594 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि दो बार के एमएलसी और सीपीआई उम्मीदवार संजय सिंह मुकाबले में तीसरे स्थान पर खिसक गए।
बिहार विधान परिषद की तिरहुत शिक्षक निर्वाचन सीट पर मंगलवार को हुई मतगणना में रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। पहली और दूसरी वरीयता के मतों की गिनती के बाद भी किसी उम्मीदवार को निर्धारित कोटा नहीं मिल सका। इसके बाद एलिमिनेशन राउंड में परिणाम सामने आया।
NP Singh को कुल 2945 वोट मिले, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार भूषण झा 2351 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे। सीपीआई के संजय सिंह तीसरे नंबर पर रहे। इस तरह बीजेपी ने यह सीट लेफ्ट से अपने नाम कर ली।
पहली पसंद में बीजेपी के NP Singh को मिली बढ़त
पहली वरीयता के मतों की गिनती में एनपी सिंह ने 138 वोटों की बढ़त बनाई। दूसरी वरीयता के मतों में भी बीजेपी उम्मीदवार ने अपनी बढ़त कायम रखी। दूसरे राउंड में NP Singh को 1872 वोट, संजय सिंह को 1713 वोट और निर्दलीय भूषण झा को 1650 वोट मिले। हालांकि, कोई भी उम्मीदवार जीत के लिए जरूरी कोटा हासिल नहीं कर सका। इसके बाद एलिमिनेशन राउंड में एनपी सिंह ने बाजी मार ली और 594 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
भूषण झा ने लौटाया था जन सुराज का टिकट
दूसरे स्थान पर रहे भूषण झा पहले जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार थे। उन्होंने बाद में पार्टी प्रमुख प्रशांत किशोर को टिकट लौटा दिया और निर्दलीय चुनाव मैदान में उतर गए। जन सुराज ने इसके बाद श्याम नंदन यादव को उम्मीदवार बनाया, लेकिन वह प्रभाव नहीं छोड़ सके। तिरहुत शिक्षक सीट के लिए 23 अक्टूबर को 82.99 फीसदी मतदान हुआ था।
यह चुनाव बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए हुए चुनाव का हिस्सा था। तिरहुत शिक्षक सीट पर बीजेपी की जीत को बिहार की सियासत में एनडीए के लिए महत्वपूर्ण बढ़त के तौर पर देखा जा रहा है।
यह भी पढ़े-




