द लोकतंत्र/ कोहाड़ा : चंडीगढ़ रोड स्थित कोहाड़ा चौक के समीप नवनिर्मित श्री Khatu Shyam सालासर मंदिर में साप्ताहिक श्री श्याम संकीर्तन का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। कार्यक्रम ट्रस्टी प्रदीप मित्तल, संदीप अग्रवाल, एल.आर. मित्तल और अनिल मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस दौरान राकेश राधे बरनाला वालों ने भजनों के माध्यम से बाबा श्याम का गुणगान किया और श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
संकीर्तन से पहले आचार्य दीपक पाण्डेय, पंडित तारानाथ और पंडित करण शास्त्री ने मंत्रोच्चारण के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करवाया। ट्रस्ट के सभी सदस्यों ने मुख्य यजमान के रूप में बाबा श्याम का विधिवत पूजन कर संकीर्तन का शुभारंभ किया। वहीं सरबजीत परिवार की ओर से बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसने मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल और भी मनमोहक बना दिया।
भजनों पर झूमे श्रद्धालु, मंदिर में गूंजा बाबा Khatu Shyam का जयकारा
संकीर्तन के दौरान राकेश राधे ने एक के बाद एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजनों के बीच पूरा मंदिर परिसर बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए और वातावरण पूरी तरह खाटूमय हो गया। संकीर्तन के समापन पर बाबा श्याम की विधिवत आरती की गई और श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर ट्रस्टी चंद्रेश भारद्वाज ने कहा कि कोहाड़ा स्थित श्री खाटू श्याम सालासर मंदिर अब भक्तों की आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से हर रविवार बड़ी संख्या में श्रद्धालु निशान यात्रा के रूप में मंदिर पहुंचते हैं और बाबा श्याम के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए रक्तदान शिविर, 45 यूनिट रक्त एकत्र
मंदिर ट्रस्ट की ओर से धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सेवा की पहल भी की गई। थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की सहायता के लिए मंदिर परिसर में रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 45 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
ट्रस्ट के सदस्य विजय गोयल ने बताया कि धार्मिक आस्था के साथ समाजसेवा को बढ़ावा देना भी मंदिर ट्रस्ट का उद्देश्य है। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अभिषेक गुप्ता, संजय अग्रवाल, मनीष बाजारी, नरेश अग्रवाल, हरीश गर्ग, सतीश मित्तल, संदीप गोयल, दीपक सिंगला, सचिन सिंगला, तरसेम लाल, विनय कुमार, निधि गुप्ता, विकास गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।




