UPElection2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की कवायद तेज हो गई है। सोमवार को दिल्ली में दोनों दलों के नेताओं के बीच सीट शेयरिंग को लेकर पहली अहम बैठक हुई। करीब आधे घंटे तक चली इस बैठक में सकारात्मक माहौल में बातचीत हुई। बैठक राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर आयोजित की गई।
कांग्रेस ने सौंपी 55 सीटों की सूची
बैठक में कांग्रेस की ओर से पहले चरण में ‘A’ कैटेगरी की 55 विधानसभा सीटों की सूची सपा के सामने रखी गई। इन सीटों पर कांग्रेस की दावेदारी और चुनावी संभावनाओं को लेकर चर्चा की गई। अब मंगलवार को ‘B’ और ‘C’ कैटेगरी की सीटों पर बातचीत होगी।
दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर अगले तीन दिनों तक चर्चा चलने की योजना है। इस दौरान उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों के चुनावी समीकरण, राजनीतिक स्थिति और दोनों पार्टियों की संभावनाओं पर मंथन किया जाएगा।
तीन दिनों में 403 सीटों पर सहमति बनाने की कोशिश
सपा और कांग्रेस ने सीटों के बंटवारे को लेकर अपनी-अपनी कमेटियां गठित की हैं। दोनों कमेटियां विधानसभा क्षेत्रों का आकलन करेंगी और सीटों पर दावेदारी से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगी।
इस बातचीत का उद्देश्य ऐसी सीटों की पहचान करना है, जहां दोनों दलों की स्थिति मजबूत है और गठबंधन के तहत किस पार्टी को चुनाव लड़ना चाहिए। तीन दिनों की चर्चा के बाद दोनों कमेटियां अपनी रिपोर्ट संबंधित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को सौंपेंगी।
गठबंधन की रणनीति पर टिकी नजरें
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की बातचीत को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। दोनों दलों के बीच पहले से ही मिलकर चुनाव लड़ने को लेकर सहमति की बात सामने आई है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि 403 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस और सपा के हिस्से में कितनी-कितनी सीटें आएंगी।
आने वाले दिनों में होने वाली बैठकों से गठबंधन की चुनावी रणनीति और सीटों के बंटवारे की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें – बनारस की देव दीपावली में बांस पर टंगे लालटेन वाले दीये बनते हैं आकर्षण का केंद्र, गंगा घाटों पर दिखती है अनोखी परंपरा

